प्रयागराज। जनपद मथुरा के बलदेव क्षेत्र के गांव अरतौनी निवासी एक पुलिसकर्मी ने प्रयागराज (इलाहाबाद) स्थित पुलिस लाइन में बुधवार शाम कारबाइन से गोली मार ली जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए।
सिपाही की आत्महत्या की सूचना पर एडीजी प्रयागराज जोन, एसएसपी सहित पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए। बताया जाता है कि मथुरा जनपद में बलदेव थाना क्षेत्र स्थित अरतौनी गांव निवासी धान सिंह का बेटा आकाश कुमार 2019 बैच का सिपाही था। उसकी तैनाती प्रयागराज के उतरांव थाने में थी। गैरहाजिर होने के कारण उसे 24 जून 2022 को पुलिस लाइन भेज दिया गया था। यहां आमद कराने के बाद उसकी अलग-अलग स्थानों पर सुरक्षा में ड्यूटी लग रही थी। पुलिस लाइन के बैरक नंबर सात में अकेले रहता था। एक जुलाई को भी कारबाइन देकर उसकी ड्यूटी गनर में लगाई गई, लेकिन वह गैरहाजिर हो गया। बुधवार शाम करीब पांच बजे आकाश पुलिस लाइन पहुंचा और आमद नहीं करवाया। कुछ देर बाद वह पेट्रोल पंप के आगे एएसपी के आवास के पीछे स्थित पेड़ के नीचे जाकर बैठ गया। तभी गोली की आवाज सुन आसपास मौजूद पुलिसकर्मी पहुंचे तो उसे खून से लथपथ देख हतप्रभ रह गए। आनन-फानन में जख्मी सिपाही को स्वरूपरानी नेहरू अस्पताल ले जाया गया जहां डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। एसपी सिटी दिनेश कुमार सिंह, एसपी प्रोटोकाल, सीओ लाइन, आरआइ समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए। फोरेंसिक टीम ने भी कारबाइन को कब्जे में लेकर साक्ष्य जुटाए। अधिकारियों का कहना है सिपाही ने कनपटी पर सटाकर गोली मारी थी। एक साथ तीन गोली चलने की बात सामने आई है। एसएसपी शैलेश कुमार पांडेय का कहना है कि घटना की वजह स्पष्ट नहीं है जांच कराई जा रही है। मृतक पुलिसकर्मी के परिजनों में यह दुखद सूचना मिलते ही कोहराम मच गया है।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.