दूषित पनीर एवं मिलावटी दूध बनाने वाले दो गोदाम पर छापा, पांच हजार लीटर दूध कराया नष्ट

मथुरा। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन द्वारा नौहझील के बाजना क्षेत्र में चल रहे अवैध पनीर प्लांट एवं मिलावटी दूध बनाने वाले गोदाम पर छापा मारा गया। टीम द्वारा सत्यपाल के पनीर प्लांट का निरीक्षण किया गया। प्लांट में पनीर का निर्माण मिलावटी दूध से किया जा रहा था संदेह होने पर दूध एवं पाम ऑयल का नमूना संग्रहित कर लगभग पांच हजार लीटर दूध को मौके पर नष्ट करा दिया।
चैकिंग के बाद टीम ने कर्मचारी सतीश कुमार से प्लांट बंद करा दिया जबकि मालिक टीम को देखते ही फरार हो गया था। इसके अलावा टीम द्वारा मिलावटी दूध बनाने वाली सामग्री का विक्रय करने वाले एक गोदाम पर छापा मारा गया जहां से मिलावटी दूध बनाने में प्रयुक्त सामग्री वटर ऑयल, सफेद घोल मालटोडेक्सट्रिन, स्वीट व्हे पाउडर, बेकरी प्रीमिक्स पाउडर के 5 नमूना संग्रहित किए गए तथा गोदाम को मौके पर सील कर दिया गया है । मौके पर उपस्थित कर्मचारी ने बताया कि उक्त गोदाम का स्वामी अग्रवाल ट्रेडर्स जनपद बुलंदशहर के रहने वाला है। उक्त सभी नमूनों को जांच हेतु प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। कार्रवाई के दौरान टीम में सहायक आयुक्त डॉ गौरी शंकर मुकेश कुमार एसएस निरंजन खाद्य सुरक्षा अधिकारी एवं हुकुम सिंह खादय सहायक उपस्थित रहे।