जैत थाने का ग्रामीणों ने किया घिराव

विक्रम सैनी
चौमुहां । नगला मौरा के समीप नहर किनारे रक्त रंजित अवस्था मे मिले व्यक्ति के साथ हुई घटना के मामले में परिजनों ने थाने का घेराव करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की मांग की । विदित रहे कि जैंत थाना अंतर्गत गांव मौरा निवासी 45 वर्षीय देवी सिंह 15 जुलाई को गांव से करीब डेढ़ किलोमीटर दूर स्थित नहर किनारे बुरी तरह घायल व अचेत अवस्था में मिले थे। उनकी आंख मुंह व हाथों पर गंभीर चोटों के निशान थे ।
प्राथमिक उपचार के बाद घायल की नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल से आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया। परिजनों के अनुसार 1 दिन पहले गांव का ही नामजद युवक उन्हें शाम को अपने साथ ले गया था। अगले दिन सुबह करीब 10 बजे परिजनों को वह मरणासन्न अवस्था मे मिले। इस मामले में परिजनों द्वारा अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी थी लेकिन तीसरे दिन तक पुलिस की तरफ से कोई कार्यवाही ना होने पर परिजनों में रोष फैल गया।
घटना से अक्रोशित परिजनों ने ग्रामीणों के साथ रविवार को जैंत थाने का घेराव किया। पीड़ितों ने घटना में शामिल दो लोगों के नाम पुलिस को बता कर कार्यवाही की मांग की। घायल के भतीजे राजू ने बताया की पुरानी रंजिश को लेकर उनके चाचा के साथ इस वीभत्स घटना को अंजाम दिया गया है पीड़ित के अनुसार उसके चाचा की आंख और जबडे में गम्भीर चोट हैं जबकि उनके हाथ तोड़ दिए गए हैं।
परिजनों घटना की एफआईआर दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की । पुलिस ने परिजनों को शीघ्र कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।