मथुरा वृंदावन में नगर निगम ने महिलाओ को रोजगार हेतु प्रेरणा कैंटीन का संचालन सौंपा

नगर निगम के हजारीमल सोमानी एवं बालिका इंटर कॉलेज में हुआ प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन

मथुरा। महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के लिए मथुरा वृंदावन नगर निगम द्वारा एक अनूठी पहल की गई है जिसके अंतर्गत आठ स्थानों पर प्रेरणा कैंटीन संचालन का कार्य प्रारंभ किया गया है। अलग-अलग स्थानों पर संचालित विद्यालयों में प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन मेयर मुकेश आर्य बंधु और नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा द्वारा किया गया। कैंटीन संचालन का कार्य एनजीओ ब्रजभूमि स्वयं सहायता समूह जागृति स्वयं सहायता समूह को सौंपा गया है। इन कैंटिनो के संचालन से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की न्यूनतम आय सुरक्षित होगी वही उनको आत्मनिर्भर बनाए जाने की दिशा में एक प्रभावी कदम होगा।
सोमवार को नगर निगम के जोनल कार्यालयो एवं नगर निगम द्वारा संचालित विद्यालयों में प्रेरणा कैंटीन का उद्घाटन किया गया। उद्घाटन महापौर डॉ मुकेश आर्यबन्धु नगर आयुक्त अनुनय झा आदि पार्षदो ने विधि विधान के साथ किया । कैंटीन के शुभारंभ अवसर पर महापौर डॉ आर्यबन्धु ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार महिला सशक्तिकरण के दृष्टिगत स्वयं सहायता समूहों को कैंटीन संचालन का कार्य सौंपा गया है। स्वयं सहायता समूहों द्वारा नगर निगम के मथुरा व वृन्दावन जोनल कार्यालयों में व नगर निगम द्वारा संचालित कॉलेजों में कैंटीन का संचालन किया जाएगा जिससे समूहों के लिये रोजगार के नए मौके सृजित होंगे।
नगर आयुक्त श्री झा ने बताया कि महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक नवीन अनूठी पहल नगर निगम द्वारा प्रारम्भ की गई है जिससे स्वयं सहायता समूह की महिलाओं की न्यूनतम आय सुनिश्चित करते हुए महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया जा सकेगा । साथ ही कार्यालय में आने वाले आगन्तुकों एवं विद्यालय के छात्र-छात्राओं को जलपान की सुविधा भी उपलब्ध होगी। अभी प्रथम चरण में 2 जोनल कार्यालयों एवं 2 कॉलेजों में 4 स्वयं सहायता समूह द्वारा कैंटीन संचालन कार्य प्रारंभ किया गया है।
कैंटीन का संचालन कार्यालय के समय प्रातः 09 बजे से सांय 05 बजे तक एवं विद्यालयों में उसके समय के अनुसार किया जाएगा। इन कैंटीन में खाद्य पदार्थों अच्छी क्वालिटी के तैयार कराए जाएंगे साथ स्वच्छता का भी विशेष ध्यान रखा जाएगा। सिंगल यूज़ प्लास्टिक का प्रयोग तथा धूम्रपान, पान मसाला की बिक्री पूर्णतया प्रतिबंधित रहेगी। कैंटीन में उपलब्ध खाद्य सामग्री निर्धारित बाजार मूल्य पर की जाएगी, एवं पैक्ड वस्तुएँ प्रिंट मूल्य पर बिक्री की जाएगी।
उद्घाटन समारोह में उपसभापति श्रीराधा कृष्ण पाठक, पार्षद लीलाधर ठाकुर उत्तम चंद बघेल रामदास चतुर्वेदी श्रीमती सोनू गौड रवि यादव चंद्र प्रकाश शर्मा श्रीमदन मोहन श्रीवास्तव राहुल अधिकारी पंकज अरोरा अब्दुल मलिक हेमंत खंदौली आकाश महावर युद्ध पाल माहौर शैलेश चौहान श्रीगोपाल वशिष्ठ गोपाल शर्मा आदि के अलावा विद्यालयों का स्टाफ मौजूद रहा।