नगर निगम के अधिकारी आमजन की समस्याओं के निस्तारण में लापरवाही न बरतें: अनुनय

जन सुनवाई में आई डेढ़ दर्जन शिकायतों का तत्काल निस्तारण करने के दिए निर्देश
मथुरा। ‘‘सब संभव है‘‘ सप्ताह अंतर्गत जनरल गंज स्थित नगर निगम कार्यालय में नगर आयुक्त ने करीब डेढ़ दर्जन मामलों में सुनवाई कर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। सुनवाई में मौजूद निगम के अधिकारियों को उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि छोटी मोटी कमियों को लेकर अनावश्यक आम नागरिकों को परेशान न किया जाए। सफाई पेयजल प्रकाश से संबंधित शिकायतों का निस्तारण 24 घंटे के अंदर हो जाना चाहिए। प्रदेश में इस समय नगर विकास मंत्री एके शर्मा के आदेश है कि प्रत्येक मंगलवार को नगर निगम से संबंधित आम नागरिकों की समस्याओं का उच्च अधिकारियों द्वारा निस्तारण किया जाए जिस के क्रम में आज नगर आयुक्त अनुनय झा ने प्रातः 10:00 कार्यालय में लोगों की समस्याएं सुनी।
जन सुनवाई के दौरान नगर निगम के सभी विभागाध्यक्ष उपस्थित रहे। जनसुनवाई में नगर आयुक्त ने आई शिकायतो पर उपस्थित सम्बन्धित अधिकारी को कार्यवाही किये जाने हेतु निर्देशित किया ।
जनसुनवाई में कुल 14 शिकायत प्राप्त हुयी जिनमें सडक मरम्मत नाली निर्माण एवं जल निकासी और पेयजल से सम्बन्धित तीन-तीन अतिक्रमण से सम्बन्धित दो कर विभाग से सम्बन्धित तीन एवं मृतक आश्रित नियुक्ति आदि से सम्बन्धित तीन अन्य शिकायत प्राप्त हुयी।
नगर आयुक्त ने कहा कि सफाई, पेयजलापूर्ति एवं पथ-प्रकाश के सम्बन्ध में प्राप्त शिकायत का निस्तारण 24 घण्टे के अन्दर जबकि जल निकासी की शिकायत का निस्तारण 72 घण्टे के अन्दर तथा सडक निर्माण अतिक्रमण से सम्बन्धित प्राप्त शिकायतों पर कार्यवाही सात दिवस में कर दी जाए।
जनसुनवाई में सहायक नगर आयुक्त धीरेन्द्र कुमार सिंह महाप्रबंधक जल विजय नारायण मौर्य मुख्य अभियंता राजवीर सिंह सिविल लेखाधिकारी डा. गीता कुमारी नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा. करीम अख्तर कुरैशी सहायक अभियंता प्रकाश अनिल रंजन आदि अधिकारीगण मौजूद रहे।