गोवर्धन के मुड़िया पूनों मेला की तैयारियों में जुटा प्रशासन, 8 जुलाई से होगा प्रारम्भ

12 एम्बूलेंस वैन एवं मोटर साईकिल एम्बूलेंस की भी व्यवस्था रहेगी, रोडवेज 1500 बस चलाएगा , मेला क्षेत्र को 6 जोन में बांटा, भण्डारे के लिए लेनी होगी अनुमति
मथुरा। शनिवार को कलैक्ट्रेट सभागार में आगामी माह 8 से 15 जुलाई तक चलने वाले मुड़िया पूनों मेला तथा 10 जून के गंगा दशहरा की व्यवस्थाओं के संबंध में सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जिलाधिकारी नवनीत सिंह चहल एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. गौरव ग्रोवर ने समीक्षा बैठक की । बैठक में जिलाधिकारी ने कहा कि यह मेला मथुरा के लिए बहुत महत्वूपर्ण है जिसमें करोड़ों की संख्या में श्रद्धालु परिक्रमा करने आते हैं। इस मेले में राजस्थान एवं हरियाणा सरकार का सहयोग रहता है।
जिलाधिकारी ने लोक निर्माण के अधिकारियों से कहा कि सड़कों को गढढामुक्त कर लिया जाये तथा जहां आवश्यकता है वहां नई सड़कों का निर्माण किया जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि वाॅच टावर बैरीकेटिंग पार्किंग में रैम्प का कार्य मानसी गंगा एवं राधाकुण्ड के चारों ओर बैरीकेटिंग का कार्य पूर्ण करा लिया जायेग। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से कहा कि सीएचसी गोवर्धन में पर्याप्त मात्रा में जनशक्ति की पूर्ति कर ली जाये तथा हर प्रकार की स्वास्थ्य सेवाओं को दुरूस्त कर लिया जाये। जिस पर डाॅ. भूदेव सिंह ने बताया कि 15 स्थानों पर कैम्प लगाये जायेंगे विभिन्न स्थानों पर 12 डाॅक्टरों की तैनाती की जायेगी तथा 12 एम्बुलेंस एवं मोटर साईकिल एम्बुलेंस की भी व्यवस्था रहेगी। उन्होंने परिवहन विभाग के अधिकारियों से कहा कि मेला हेतु 1500 बसों की व्यवस्था की जाये और बसों के मार्गों को पहले से ही चयनित किया जाये जिससे जाम की समस्या उत्पन्न न हो। उन्होंने खाद्य सुरक्षा अधिकारियों से कहा कि परिक्रमा मार्ग में चेकिंग करते रहें।
जिलाधिकारी ने गंगा दशहरा पर यमुना के घाटों पर व्यवस्था चाक चौबन्द करने के निर्देश दिये और नगर निगम के अधिकारियों से कहा कि मन्दिरों के आस-पास साफ सफाई पानी के अन्दर बैरीकेटिंग का कार्य कन्ट्रोल रूम, चैजिंग रूम सीसीटीवी कैमरे तथा मोटरबोट की व्यवस्था की जाये। गोताखोर एवं पुलिस लगातार गश्त करती रहे तथा सुरक्षा की दृष्टि से विभिन्न स्थानों पर चेकिंग की जाये। सिंचाई विभाग से कहा कि यमुना के पानी की सफाई करा ली जाये तथा बैराज को इस तरह से खोला जाये कि श्रद्धालुओं के लिए स्वच्छ जल उपलब्ध हो सके। मन्दिरों के आस पास खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन के अधिकारी निरंतर चेकिंग करते रहें।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डाॅ. गौरव ग्रोवर ने यातायात एवं सुरक्षा व्यवस्था को अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए संबंधित पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी पुलिस तथा थाना प्रभारियों को निर्देश दिये। पुलिस अधीक्षक ग्रामीण ने बताया कि मेला क्षेत्र को 06 जोन में बांटा गया है, जिसमें 90 वाॅच टावर 44 पार्किंग स्थल 06 खोया पाया केन्द्र 83 सीसीटीवी कैमरे विभिन्न स्थानों पर अस्थाई पुलिस चौकी एवं कन्ट्रोल रूम की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने पार्किंग के लिए स्थान चयनित कर लिये गये हैं तथा शीघ्र ही कार्य प्रारम्भ हो जायेगा। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने निर्देश दिये कि पार्किंग में रैम्प लाईट पब्लिक टाॅयलेट पेयजल तथा बैरीकेटिंग का कार्य संबंधित विभाग के अधिकारी से समन्वय स्थापित कर कार्य करायें। उन्होंने कहा कि भण्डारे के लिए स्थान निर्धारित कर लें तथा अनुमति देने से पहले सभी प्रकार की औपचारिकताऐं पूर्ण कर लें।
विधायक गोवर्धन ठा. मेघश्याम सिंह ने परिक्रमा मार्ग पर सीसीटीवी कैमरों से सुरक्षा व्यवस्था को अधिक से अधिक बेहतर बनाने के लिए निर्देश दिये। जिस पर ब्रज तीर्थ विकास परिषद के अधिकारियों ने बताया कि 76 सीसीटीवी कैमरे परिक्रमा मार्ग पर लगाये गये हैं तथा 350 स्पीकर लगाये जा रहे हैं जिसका कार्य शीघ्रपूर्ण कर लिया जायेगा। जल निगम के अधिकारियों से कहा कि समय से नालों की सफाई करा ली जाये। विधायक ने नगर पंचायत अधिशासी अधिकारी से कहा कि राधाकुण्ड एवं मानसी गंगा की सफाई करा ली जाये। विद्युत विभाग के अधिकारियों से कहा कि 24 घंटे पर्याप्त बिजली रहे जर्जर तारों को ठीक करायें ट्रान्सफार्मरों की मरम्मत करा दी जाये तथा अण्डर ग्राउण्ड केबलिंग का कार्य करें। निराश्रित गौवंश को पकड़कर गौशालाओं में पहुॅचायें जिससे श्रद्धालुओं को कोई परेशानी न हो।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी डाॅ. नितिन गौड़ अपर जिलाधिकारी प्रशासन विजय शंकर दूबे अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व योगानन्द पाण्डेय पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्रीश चन्द पुलिस अधीक्षक यातायात हरेन्द्र कुमार विकास प्राधिकरण के ओएसडी क्रान्तिशेखर सिंह सांसद प्रतिनिधि जनार्दन शर्मा सहित उप जिलाधिकारी क्षेत्राधिकारी पुलिस तहसीलदार लोक निर्माण सिंचाई विद्युत नगर निगम उ.प्र. ब्रजतीर्थ विकास परिषद सहित आदि विभागों के अधिकारीगण उपस्थित थे।