केबिनेट मंत्री के आवास के समीप सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल की बच्चों से भरी वेन पलटी

मथुरा। महानगर के मयूर बिहार इलाके में केबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी आवास के समीप शनिवार सुबह चालक की लापरवाही से एक स्कूल वैन पलट गई। वैन पलटने से चीख पुकार मच गई। राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए बच्चों को वैन से बाहर निकाला। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी बच्चे के चोट नहीं आई। शहर कोतवाली के मयूर विहार क्षेत्र से एक स्कूल वैन जा रही थी। महाराणा प्रताप तिराहा के पास जैसे ही वैन पहुंची तभी वह अनियंत्रित होकर डिबाइडर से टकरा कर पलट गई। हादसे के समय वैन में 17 बच्चे सवार थे।
यह गनीमत रही कि स्कूल पढ़ने जा रहे किसी बच्चे को चोट नहीं आई। जैसे ही वैन पलटी वहां से गुजर रहे राहगीरों ने तत्काल जागरूकता का परिचय देते हुए बच्चों को वैन से निकालना शुरू कर दिया। अचानक हुए इस हादसे के कारण बच्चों में चीख पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने बिना देर किए सभी बच्चे सकुशल वैन से निकाल लिए। सरस्वती शिशु मंदिर डेम्पियर नगर की स्कूल वैन बच्चों को लेकर स्कूल जा रही थी। इसी दौरान यह हादसा हो गया। बताया जा रहा है कि जिस समय यह हादसा हुआ वैन का ड्राइवर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था। मोबाइल पर बात करने के कारण उसका ध्यान भटक गया और वैन अनियंत्रित होकर पलट गई। कोतवाली प्रभारी विजय सिंह ने बताया कि इस हादसे में गनीमत रही कि किसी बच्चे के कोई चोट नहीं आई है।