मथुरा। जिला पंचायत राज अधिकारी ने अनियमितता बरतने के आरोपी दो ग्राम पंचायत सचिवो को निलंबित कर बड़ी कार्रवाई की है। प्रधान के खिलाफ भी कार्रवाई के संकेत मिले है।
नौझील ब्लॉक की ग्राम पंचायत सुहागपुर में पंचायत घर का निर्माण भूमि प्रबंधन समिति सुहागपुर की बैठक में पारित प्रस्ताव के अनुसार नियत स्थान पर न करा कर गौचरण की भूमि पर कराया जा रहा था जिस पर लगातार तहसील दिवस में शिकायत मिल रही थी जिस पर उप जिलाधिकारी मांट इंद्र नंदन सिंह द्वारा जांच की गई तो पाया गया कि निर्माण कार्य में अनियमितता बरती जा रही है तथा पंचायत घर को गौचरण की भूमि पर बनाया जा रहा है। इस संबंध में जिला पंचायत अधिकारी किरण चौधरी द्वारा भी कई बार ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत सचिव को सख्त हिदायत दी गई थी लेकिन बावजूद इसके निर्माण कार्य बंद नहीं किया गया। इस पर उक्त अधिकारियों द्वारा पंचायत घर को तोड़ने का आदेश दिया गया। इसके अलावा जिला पंचायत राज अधिकारी ने नानक राम ग्राम पंचायत अधिकारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
इसी क्रम में ग्राम पंचायत नौझील विकासखंड नौझील में भी विकास कार्यों में वित्तीय अनियमितता, जांच में सहयोग न करना, नियमों का अनुपालन न करने, मनमाने तरीके से भुगतान करने और उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना करने के प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने के क्रम में जिला पंचायत राज अधिकारी किरण चौधरी ने दूसरी कठोर कार्यवाही करते हुए अनु कुमार ग्राम पंचायत अधिकारी को भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया तथा ग्राम पंचायत नौझील की विस्तृत जांच पृथक से की जा रही है।
जिला पंचायत अधिकारी ने सख्त लहजे में कहा कि निर्माण कार्यों में नियमों एवं मानकों की अवहेलना कतई बर्दाश्त नहीं की जाएगी यदि सचिव और ग्राम प्रधान शासन की मंशा के अनुरूप कार्य नहीं करेंगे तो उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग सदैव गांव के विकास की बात करता है तथा सहयोग के लिए हमेशा तत्पर रहता है लेकिन शासन की मंशा के विरुद्ध और विभागीय आदेशों के विरुद्ध कोई भी मनमानी करेगा तो उसके विरुद्ध कठोर कार्यवाही अमल में लाई जाएगी।
Sign in
Sign in
Recover your password.
A password will be e-mailed to you.