श्रमिक यूनियनो की हड़ताल से मथुरा में कामकाज हुआ प्रभावित , बैंक रही बंद

मथुरा। देश की केंद्रीय ट्रेड यूनियंस एवं कर्मचारियों की राष्ट्रीय फेडरेशन के आव्हान पर मथुरा में दो दिवसीय हड़ताल होने से बैंक आदि संस्थान बंद रहने से आम नागरिकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। श्रमिक यूनियनो की हड़ताल कल भी रहेगी। भारतीय स्टेट बैंक इस हड़ताल में शामिल नहीं है जिस कारण उसकी शाखाएं खुली रही।
भारतीय जीवन बीमा निगम के हड़ताली कर्मचारियों ने एलआईसी की सौंख खड्डा स्थित शाखा के सामने एआईआईए एवं एडीआईईए के बैनर तले जोरदार नारे लगाते हुए हड़ताल में हिस्सा लिया।
इस अवसर पर कर्मचारी नेताओं ने हड़ताली कर्मचारियों को संबोधित करते हुए कहा कि भारत सरकार इस देश के कारपोरेट घरानों को फायदा पहुंचाने के लिए एलआईसी के अंदर आईपीओ ला रही है एलआईसी मुनाफा देय संस्था है जिसमें आईपीओ की कोई आवश्यकता नहीं है ।
एलआईसी ने अपनी स्थापना से लेकर आज तक भारत सरकार को टैक्स एवं डिविडेंड के रूप में बड़ी भारी रकमें दी हैं। देश के विकास में एलआईसी का बहुत बड़ा योगदान रहा है।
नेताओं ने कहा यह हड़ताल केवल कर्मचारियों के हितों के लिए नहीं है इसका मुख्य उद्देश्य भारत सरकार की जन विरोधी नीतियों के खिलाफ चेतावनी देने का है। कर्मचारियों ने कहा कि स्थाई स्वभाव के कामों को आउटसोर्सिंग एवं ठेकेदारी प्रथा के माध्यम से कराया जा रहा है। सरकार की इस प्रकार की नीतियों से देश की आर्थिक संप्रभुता खतरे में पड़ेगी जिसका खामियाजा देश की आम जनता को भुगतना पड़ेगा।
इस अवसर पर एडीआईईए के मंडल अध्यक्ष आरआर उपाध्याय आम आदमी पार्टी के जिलाध्यक्ष रवि प्रकाश भारद्वाज भूपेंद्र सैनी रंजीत सिंह कविश उपाध्याय कुलभूषण शर्मा दीपांशु सैनी अविनाश सैनी आदि ने हिस्सा लिया।