मांट में वोटरों को लुभाने के लिए समाजवादी पार्टी पर लगा फ्री शराब बांटने का आरोप, पांच गिरफ्तार

प्रिंस कुलश्रेष्ठ/दीपक गुप्ता
मथुरा। विधानसभा चुनाव में मतदान की तिथि 10 फरवरी ज्यों ज्यों नजदीक आती जा रही है त्यों त्यों राजनीतिक पार्टी के नेता और प्रत्याशी साम दाम दंड भेद की कार्रवाई अपनाने लगे हैं। मथुरा जनपद की मांट विधानसभा में समाजवादी पार्टी पर वोट लेने के लिए अंग्रेजी शराब की लाइसेंसी दुकान से फ्री शराब बाटने के आरोप लगा है। पुलिस ने इस मामले में पांच लोगों को गिरफ्तार किया हैं। एसपी देहात शिरीष चंद्र ने बताया कि पुलिस और आबकारी विभाग की टीम ने कस्बा बाजना में शराब की दुकान पर पर्ची से फ्री देते और लेते हुए नीरज कुमार पुत्र हरिश्चंद्र निवासी मडुआका, राजवंश पुत्र संजीव साह निवासी मोहल्ला बड़ा बाजार बाजना, भोलू पुत्र बांकेलाल निवासी बड़ा बाजार बाजना, राजीव पुत्र रामगोपाल निवासी बड़ा बाजार बाजना, भूरा पुत्र ओम प्रकाश निवासी मड़ुआका नौझील को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने कब्जे से 3 पेटी अवैध शराब और वितरण के लिए बनाई हुई पर्ची व नाम पता का एक संबंधित रजिस्टर बरामद किया है।

एसपी देहात ने बताया कि अभियुक्तों से पूछताछ की गई तो बताया कस्बा में बने सपा कार्यालय पर गांव जारेलिया निवासी सूरजभान पुत्र सौदान सिंह के साथ बैठकर शराब की पर्चियां बना कर देते थे । इन पर्ची को बनाकर शराब के लिए दिया जाता है पुलिस सूरजभान की तलाश के लिए दबिश दे रही है। वही एसपी देहात ने जिला अधिकारी को शराब ठेके के अनुज्ञापी शंकरलाल पुत्र नहीं लाल निवासी निवासिनी खैर अलीगढ़ के खिलाफ लाइसेंस निरस्तीकरण की रिपोर्ट भेजी है।