मथुरा में श्रीकांत शर्मा के नजदीकी राजू यादव बने भाजपा महानगर के संयोजक

मथुरा। विधान सभा चुनाव से पहले मथुरा महानगर भाजपा में बडा फेरबदल हुआ है, भाजपा हाईकमान ने वैश्य समाज के विनोद अग्रवाल को अध्यक्ष पद से हटाते हुए ऊर्जा मंत्री के नजदीकी पिछडा समाज के राजू यादव को महानगर का संयोजक मनोनीत किया है। हाईकमान के इस निर्णय से वैश्य समाज के पार्टी कार्यकर्ता अचम्भित है। पार्टी प्रवक्ता श्याम चतुर्वेदी ने बताया कि विनोद अग्रवाल को हटाया नहीं किया है बल्कि महानगर संगठन का विस्तार किया गया है । राजू यादव को संयोजक पद की अहम जिम्मेदारी दी गई है। विनोद अग्रवाल महानगर अध्यक्ष पद पर पूर्व की भांति बने रहेंगे। इस बारे में विनोद अग्रवाल से बात करने के लिए प्रयास किया गया तो उनका फोन बिजी जाता रहा।
महानगर भाजपा अध्यक्ष पद से विनोद अग्रवाल को हटाने को लेकर लम्बे समय से चर्चा चल रही थी, हालांकि उनके नजदीकी सूत्रों का कहना है कि विनोद अग्रवाल कई माह से स्वयं अपने को पद से हटाने की पार्टी नेताओं से कह चुके थे। उनके हटाने की संभावना उस समय ज्यादा प्रबल हुई जब वह बीते 19 दिस. को मुख्यमंत्री योगी की रामलीला मैदान में हुई जनसभा में नही पहुंचे। उनके न पहुंचने के पीछे पार्टी के एक बडे नेता से जनसभा की व्यवस्था को लेकर हुई कहन सुनन से जोड़ा गया।
ब्राहमण वैश्य बाहुल्य मथुरा-वृन्दावन विधान सभा सीट पर महानगर अध्यक्ष पद बहुत ही महत्वपूर्ण माना जाता है। चर्चा है कि जैसे महानगर अध्यक्ष पर फेर बदल हुआ है वैसे ही विधान सभा सीट पर बदलाव हो सकता है। पार्टी के एक पूर्व जिलाध्यक्ष की दावेदारी को गंभीरता से लिया जा रहा है।
कुल मिलाकर महानगर अध्यक्ष पर पर बदलाव क्या गुल खिलायेगा यह चुनाव के दौरान ही पता चल पायेगा।