मथुरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ब्रज आदर्श इंटर कालेज खेल मैदान मांट में 201.16 करोड़ रु की 196 विकास परियोजनाओं का लोकापर्ण / शिलान्यास करने के लिए पहुंच चुके हैं। मंच से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लाभार्थियों को चेक बांटे । प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत मकान की चाबी लाभार्थियों को भेंट कीं।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मांट विधानसभा क्षेत्र में जनसभा को संबोधित किया। भारत माता की जय और बांकेबिहारी लाल की जय के साथ अपना भाषण शुरू किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि दो सौ करोड़ की योजनाओं से क्षेत्र का विकास होगा। ब्रज भूमि ने धर्म-सत्य और न्याय के साथ-साथ उल्लास और उमंग का माहौल कैसा होना चाहिए ये संदेश दिया है। इस भूमि पर जन्म लेकर भगवान श्रीकृष्ण ने इसे धन्य किया। अपनी लीलाओं के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने पांच हजार साल पहले आज की पीढ़ी को नई दिशा देने का काम किया था। यहां के कण-कण में रज-रज में भगवान की लीला विराजमान है। पूर्व की सरकारों ने ब्रज भूमि ही नहीं पूरे उत्तर प्रदेश को बदनाम किया। उत्तर प्रदेश बाबा विश्वनाथ की भूमि है। मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम, श्रीकृष्ण की भूमि है। कुंभ की भूमि है।
मुख्यमंत्री योगी ने पिछली सरकार पर सीधा हमला बोलते हुए, संवेदनहीन होने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा पिछली सरकार में सबसे पहला दंगा कोसीकलां में हुआ था। व्यापारियों के प्रतिष्ठान जला दिए गए। झूठे मुकदमे दर्ज हुए। सत्ता के संरक्षण में जवाहर बाग जैसे माफियाओं को संरक्षण दिया जाता था।
मुख्यमंत्री कार्यकाल में योगी आदित्यनाथ का मथुरा में यह 18वां दौरा है, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद मांट में पहली जनसभा है। कार्यक्रम में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा केबिनेट मंत्री लक्ष्मी नारायण जिला पंचायत किशन चौधरी व्यापारी नेता रविकांत गर्ग पूर्व सांसद तेजवीर सिंह विधायक कारिंदा सिंह पूरन प्रकाश मुख्य अथिति के तौर पर मौजूद हैं।