मथुरा हाईवे पर दो बड़े वाहन भिड़े , तीन लोगों की दर्दनाक मृत्यु

मथुरा। आगरा-दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोसी के कोटवन बार्डर के समीप राजमार्ग के किनारे खड़े एक ट्रोला में तेजगति से आते दूसरे ट्रॉला ने टक्कर मार दी जिससे एक चालक और दो क्लीनर सहित तीन लोगो की मौत हो गई। इससे राजमार्ग पर जाम के हालत बन गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने क्रेन की मदद से तीनों के शवों को केबिन काटकर पोस्टमार्टम के लिये भेजा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना कोसी कलां क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग पर कोटवन बार्डर के समीप राजमार्ग पर ट्रॉला ने मथुरा से पलवल जाते समय गुलशन होटल के समीप किसी अज्ञात वाहन से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।

एनएचआई कर्मियों द्वारा ट्रॉला को साइड कराने का कार्य किया जा रहा था। तभी सुबह करीब पौने चार बजे मथुरा की ओर से आ रहे एक अन्य ट्रॉला ने पीछे से आकर दुर्घटनाग्रस्त ट्रॉला में टक्कर मार दी, जिससे ट्रॉला में सवार चालक सहित तीन लोगों की मौके पर मौत हो गई। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि तीनों के शव केबिन में फंस गए। पुलिस ने गैस कटर की मदद से केबिन काटकर शवों को बमुश्किल निकाला। हादसे में पप्पू चौधरी व पिंटू पुत्र हरदेव निवासी फतेवा थाना भुसावर भरतपुर के अलावा एक अन्य व्यक्ति की मौत हो गयी। इससे राजमार्ग पर जाम के हालत पैदा हो गए। कुछ देर के लिए पुलिस ने राजमार्ग पर यातायात बाधित न हो इसके लिए एक लाइन को बंद कराकर दूसरी लाइन से यातायात को डायवर्ट कराया। मृतकों के परिजनों को पुलिस ने हादसे की सूचना दे दी।