जमुनापार में महिलाओं ने किया ऊर्जा मंत्री का घेराव

प्रिंस कुलश्रेष्ठ

मथुरा। जमुनापार क्षेत्र के तिवारी पुरम मे सीवर लाइन के ओवर फ्लो होने से गंदा पानी घरों में घुसने की समस्या का एक पखवाड़ा बीतने के बाद भी जिला प्रशासन से कई बार शिकायत करने के बाद भी समाधान न होने पर क्षेत्रवासियों ने एक समारोह में भाग लेने जा रहे प्रदेश के ऊर्जा मंत्री का घेराव कर लिया। महिलाओं ने मंत्री के आने से पहले ही सड़कों पर तख्त लगाकर रास्ता रोक दिया था। तिवारी पुरम कॉलोनी में 15 दिन बीत जाने के बाद भी निगम अधिकारियों की अकर्मण्य कार्यशैली के चलते बाशिंदे नारकीय जीवन जीने को मजबूर है।

उच्च अधिकारियों को कई बार क्षेत्रीय लोगों ने शिकायतें भी की है जिसका आज तक समाधान न हो सका। ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा यमुनापार क्षेत्र के तिवारी पुरम में शनिवार को सुबह गोपाल आश्रम अखाड़े पर एक कार्यक्रम में आए थे। तभी स्थानीय कॉलोनी वासियों को ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा के आने की भनक लग गई तो अपनी समस्या को लेकर नाराज कॉलोनी वासियों ने ऊर्जा मंत्री का घेराव करने के लिए रास्ते में तख्त खटिया लगाकर रास्ते को जाम कर दिया और काफी संख्या में महिला एवं पुरुष वहां पर एकत्रित हो गए जैसे ही ऊर्जा मंत्री का काफिला गोपालाश्रम अखाड़े से गुजरा और तिवारी पुरम पहुंचा तो वहां पर मौजूद महिला व पुरुषों ने गाड़ी के आगे आकर उनको रोक लिया ।
ऊर्जा मंत्री गाड़ी से नीचे उतर कर आए उन्होंने कॉलोनी वासियों से वार्तालाप की तो महिलाओं ने उनको बताया कि क्षेत्र में सीवर लाइन ओवर फ्लो होने से घरों में सीवर लाइन का गंदा पानी घुस जाता है और इसकी कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की है लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। कॉलोनी वासियों ने ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा को जगह जगह ले जाकर समस्याएं भी दिखाई । ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बताया कि कालोनियों में जाकर के कॉलोनी वासियों की समस्या देखी अगले बीस दिन में स्थानीय कॉलोनी वासियों की समस्या का समाधान संपूर्ण तरीके से हल करा दिया जायेगा।

कॉलोनी वासियों का कहना है कि ऐसे आश्वासन हमको कई बार पहले भी दिए जा चुके हैं जबकि अभी तक कोई कार्य नहीं हुआ है। ऊर्जा मंत्री ने देर शाम जिला अधिकारी नवनीत सिंह चहल और नगर आयुक्त अनुनय झा को स्थलीय निरीक्षण के बाद जल्द ही क्षेत्रवासियों की समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए हैं।