मथुरा। प्रदेश भर में आज से दो दिवसीय आवास मेला विकास प्राधिकरण में लगाए जा रहे हैं। बुधवार को मथुरा में भी मथुरा-वृंदावन विकास प्राधिकरण के सभागार में इसका आयोजन हुआ। इस अवसर पर करीब एक दर्जन आवंटियों को रजिस्ट्री के कागजात उपलब्ध कराए गए।
प्राधिकरण सचिव राजेश कुमार सिंह के अनुसार शासन के आदेश है कि आवास मेले के सफल आयोजन से अपरिहार्य कारणों के चलते लगी आपत्तियों से जिन आवास की रजिस्ट्री अभी तक नहीं हो पाई थी उन सब को दूर कर इस अवधि में रजिस्ट्री कराकर उन आवास की चाबी उपलब्ध करा दी जाए। आवास मेला में आज 11 लोगों को रुक्मिणी बिहार के एल आई जी भवन /प्लॉट की रजिस्ट्री कराई गई। सरकार की मंशा है कि मात्र ₹500 के स्टांप पर ई डब्लू एस आवास की रजिस्ट्री हो जानी चाहिए। आवास मेला के दौरान कुछ आवंटियों ने भवनों की जर्जर स्थिति पर अप्रसन्नता जाहिर की । इस पर सचिव ने कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
प्राधिकरण के ओएसडी /संपत्ति अधिकारी पीसीएस क्रांति शेखर के अनुसार मथुरा में यह आवास मेला 25 नवंबर तक चलेगा । उन्होंने बताया उपाध्यक्ष नगेंद्र प्रताप ने यह निर्णय आवंटियों की सुविधा को देखते हुए लिया है। उन्होंने लोगो से आग्रह किया है जिनकी रजिस्ट्री अभी तक नहीं हुई है वह इस सुनहरे अवसर को गंवाए नहीं।
आवास मेला में प्राधिकरण के वरिष्ठ लिपिक सारांश शर्मा विजय शर्मा और मुन्ना बाबू कमल सिंह आदि उपस्थित रहे।