मथुरा। जनपद में ग्रामीण क्षेत्रों में बढ़ रहे डेंगू के मामले को लेकर के डीपीआरओ किरण चौधरी ने सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने विकास खंड बलदेव की ग्राम पंचायत भरतिया,पटलौनी, इरौली जुन्नादार का औचक निरीक्षण किया । ग्राम पंचायत में एक सफाई कर्मचारी उपस्थित था जो कि मौके पर साफ सफाई करते मिला वही दूसरा सफाई कर्मचारी प्रदीप कुमार गांव भारतिया में अनुपस्थित मिला जिस पर ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि वह गांव में कभी नहीं आता है।
ग्रामीणों की शिकायत, एडीओ पंचायत की रिपोर्ट तथा ग्राम पंचायत में अनुपस्थित होने पर कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से सफाई कर्मचारी प्रदीप कुमार को निलंबित करने के आदेश दिए गए हैं। ग्राम पंचायत भरतिया में पंचायत भवन की रंगाई पुताई एवं मरम्मत हेतु सचिव को निर्देशित किया गया कि इसे 7 दिवस में ग्राम सचिवालय का रूप देने हेतु गुणवत्ता के तौर पर तैयार करें। ग्राम पंचायत पटलोनी में ग्रामीणों द्वारा बताया गया कि गांव में सफाई कर्मचारी नियमित आते हैं, और डीडीटी छिड़काव, नालियों की साफ सफाई नियमित रूप से हो रही है।
ग्राम पंचायत इरोली जुन्नारदार में साफ सफाई, झाड़ी कटाई, डीडीटी छिड़काव नियमित रूप से किया जा रहा है। ग्रामीणों द्वारा बताया गया की प्रधान द्वारा भी साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
जिला पंचायत राज अधिकारी किरण चौधरी का कहना है कि आपदा के इस समय में जनहित के कार्य में किसी भी कर्मचारी द्वारा लापरवाही बरती जाएगी तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।