मथुरा। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के पावन अवसर पर नगर निगम मथुरा-वृन्दावन के मथुरा कार्यालय पर आजादी का अमृत महोत्सव के अर्न्तगत संगोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर निगम मथुरा जोन, औरंगाबाद जोन एवं भूतेश्वर जोन के 39 स्वच्छता मित्रों का सम्मान करते हुए प्रशस्ति पत्र एवं वर्दी उपहार स्वरूप भेंट की गयी।
कार्यक्रम में महापौर डा. मुकेश आर्यबन्धु एवं नगर आयुक्त अनुनय झा द्वारा ध्वजारोहण करते हुए गांधी जी एवं शास्त्री जी के चित्रपट पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर अपने सम्बोधन में नगर आयुक्त श्री झा ने कहा कि सत्य, अहिंसा महात्मा गांधी जी की ही परिकल्पना थी। हमको उनके बताये मार्ग पर चलकर समाज की सेवा करनी चाहिए। महापौर डा. आर्य बंधु ने कहा की कि महात्मा गांधी के स्वच्छ भारत के सपने को साकार करने के लिए प्रधानमंत्री की पहल स्वच्छ भारत मिशन के कारण स्वच्छता आम जन के जीवन का मूल मंत्र बना है।
कार्यक्रम में पार्षद रामदास चतुर्वेदी चन्द्रप्रकाश एवं सुपरवाइजर महेश काजू द्वारा भी अपने अपने विचार व्यक्त किये गये। इस दौरान कार्यक्रम में पेप्सिको एवं यूनाइटेड वे संस्था द्वारा ‘‘कचरा से कंचन‘‘ नाट्य का मंचन किया गया जिसके माध्यम से कचरे की रिसाइक्लिंग एवं स्वच्छता का संदेश दिया गया। संस्था द्वारा रिसाइकिल कचरे से निर्मित बेंच नगर निगम को भेंट की गयी।
कार्यक्रम का संचालन डा. श्यामपाल लेखाकार एवं धन्यवाद ज्ञापन डी.के. सिंह सहायक नगर आयुक्त द्वारा किया गया।