मथुरा। एक और मथुरा वृंदावन नगर निगम आयुक्त प्रतिदिन अपने अधिकारियों को सरकारी भूमियों पर अवैध कब्जों को हटाने के आदेश दे रहे हैं वही उनके अधीनस्थ सहायक नगर आयुक्त लिखित में शिकायत मिलने पर भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे हैं। ऐसा आरोप किसी आम व्यक्ति ने नहीं बल्कि शासन द्वारा नामित पार्षद द्वारा लिखित में लगाया गया है ।
नगर निगम में भाजपा के नामित पार्षद ठाकुर छत्तर सिंह ने आरोप लगाया है कि वार्ड नंबर 39 के गणेशरा सतोहा असगरपुर नगला सदोला में भू माफियाओं द्वारा पोखर और बंजर भूमि पर अवैध कब्जे कर लिए गए हैं जिस कारण दो दर्जन गांव के लोगों के अलावा कई कॉलोनियों के आम नागरिकों का आवागमन का रास्ता बंद हो गया है। सरकारी अभिलेखों से पता चल सकता है कि कब्जाई गई भूमि किस् मद में दर्ज है। कुछ लोगों ने अवैध कब्जे के रूप में चाहरदीवारी भी बना ली है । अवैध कब्जे करने वालों में कई बड़े बिल्डर और स्थानीय भू-माफिया शामिल हैं।
पार्षद छत्तर सिंह का आरोप है कि सहायक नगर आयुक्त राजकुमार मित्तल शिकायत मिलने पर भी कोई कार्रवाई नहीं कर रहे । नगर आयुक्त ने लिखित में आदेश दे रखे हैं फिर भी वह टालमटोल करते हुए कहते हैं कि छोड़िए छोटी मोटी शिकायत से क्या फायदा। उनके इस कृत्य से प्रतीत होता है कि राजकुमार मित्तल की भू माफियाओं से मिलीभगत है। पार्षद का आरोप है कि पूरे प्रदेश में अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ खासकर सार्वजनिक भूमि तालाब पोखर आदि पर योगी सरकार अभियान चलाए हुए हैं परंतु मथुरा में निगम के एक अधिकारी इसको पूरी तरह पता लगाने में जुटे हुए हैं। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री के जनसुनवाई पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई है।