ग्रामीण क्षेत्रों में चलेगा विशेष सफाई अभियान, नियत समय पर निर्माण कार्य पूरा न करने पर ठेकेदार होंगे ब्लेक लिस्टेड
मथुरा। मंगलवार को मथुरा वृंदावन नगर निगम के नगर आयुक्त अनुनय झा ने विभागीय अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए हैं कि ग्रामीण क्षेत्रों के वार्डों में प्रतिदिन दोनों समय विशेष सफाई अभियान चलाया जाए और समस्त वार्डों में फागिंग एवं एंटी लारवा दवा का छिड़काव भी आवश्यक है। इसके अलावा जो निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में ठेकेदार द्वारा पूर्ण नहीं कराये गये हैं ऐसे सभी ठेकेदारो को नोटिस देते हुए उन पर जुर्माने की कार्यवाही की जाये।
नगर आयुक्त ने कलैक्ट्रेट स्थित सभागार में हुई विभागीय समीक्षा बैठक में क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी को आदेशित किया कि समस्त सफाई निरीक्षकों प्रतिदिन ग्रामीण क्षेत्रों में जाये तथा 30 सितम्बर तक के लिए रोस्टर तैयार कराया जाये। ग्रामीण क्षेत्रों में जलभराव की समस्या तत्काल समाप्त होनी चाहिए । उन्होंने अनुपस्थित कर्मचारियों के विरूद्ध नियमानुसार विभागीय कार्यवाही आदेश दिए। इसके अलावा समस्त क्षेत्रों में फॉगिंग एवं एंटीलार्वा दवा का छिडकाव नियमित कराया जाये। डोर टू डोर कूडा कलैक्शन कार्य की कवरेज बढायी जाये साथ ही यूजर चार्ज का कलैक्शन भी नियमित कराया जाये।
नगर आयुक्त ने निर्देश दिए कि पोखरों एवं तालाबों को सितम्बर में अतिक्रमण मुक्त कराया जाये। इस हेतु सभी जोनल अधिकारी प्रतिदिन अभियान चलाये। बैठक में बताया गया कि उक्त अभियान के दृष्टिगत वर्तमान माह में लगभग 20 स्थानों पर पोखर /तालाबों को अतिक्रमण मुक्त कराते हुए खुदवाया गया है। मुख्य कर निर्धारण अधिकारी को निर्देशित किया गया कि आगामी माह 01 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक ओटीएस योजना लागू की जानी है इस हेतु रोस्टर तैयार कराया जाये एवं कैंप से पूर्व क्षेत्रों में मुनादी अवश्य करायी जाये। मुख्य अभियन्ता सिविल को निर्देशित किया गया कि नगर निगम क्षेत्रार्न्तगत निर्माणाधीन कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाये और निर्माण कार्यो का अधिशासी अभियन्ता समय-समय पर निरीक्षण अवश्य करें जो निर्माण कार्य निर्धारित समयावधि में ठेकेदार द्वारा पूर्ण नहीं कराये गये हैं ऐसे सभी ठेकेदारो को नोटिस निर्गत करते हुए उन पर जुर्माने की कार्यवाही की जाये।
बैठक में महाप्रबन्धक जलकल को कहा गया कि 15वें वित्त आयोग से स्वीकृत कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण करते हुए क्षेत्रों में पेयजलापूर्ति से सम्बन्धित शिकायतों का तत्काल निस्तारण किया जाये।
समीक्षा बैठक में अपर नगर आयुक्त सत्येन्द्र कुमार तिवारी सहायक नगर आयुक्त राज कुमार मित्तल डी.के. सिंह लवकुश गुप्ता मुख्य अभियंता जितेन्द्र केन महाप्रबन्धक जलकल विजय नारायण मौर्य मुख्य कर निर्धारण अधिकारी शिव कुमार गौतम अधिशासी अभियंता एसपी मिश्र रिजवान अहमद क्षेत्रीय स्वास्थ्य अधिकारी एस.एस. यादव सहायक अभियंता जलनिगम प्रवीन माहेश्वरी सहायक अभियंता मार्ग प्रकाश अनिल रंजन राधेश्याम नंदकिशोर राजकुमार दीपांकर सिंह मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक योगेश शर्मा रामानन्द त्यागी आदि उपस्थित रहे।