देशव्यापी अभियान में ई कामर्स नियमों को लागू करने की माँग को लेकर मथुरा में भरी हुंकार
मथुरा। देश में तेज़ी से बढ़ती विदेशी ई-कामर्स कम्पनियों द्वारा सरकार की नाक के नीचे खुलेआम किये जा रहे देश के क़ानूनों एवं नियमों के घोर उल्लंघन के विरुद्ध निर्णायक लड़ाईं का आह्वान कर कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) द्वारा देशव्यापी धरने का आयोजन किया गया। धरने का उद्देश्य केंद्र सरकार से उपभोक्ता क़ानून में प्रस्तावित नियमों को तत्काल लागू करने की माँग प्रमुख है। इसी क्रम में एक माह ई-कामर्स पर हल्ला बोल नामक राष्ट्रीय अभियान शुरू किया गया है।
बुधवार को कैट के राष्ट्रीय महामंत्री प्रवीन खंडेलवाल ने दिल्ली से आगरा तक विरोध यात्रा निकाली जिसके तहत वह मथुरा आए। इसी क्रम में मथुरा कैट इकाई के धरने को संबोधित करते हुए श्री खंडेलवाल ने कहा कि उपभोक्ता कानूनों के तहत विदेशी ई-कामर्स कंपनियों पर लगाम लगाना अत्यंत आवश्यक है। यह भारतीय व्यापारों को बर्बाद करने का षड्यंत्र रच रही हैं। देश का व्यापारी अब ईस्ट इंडिया कंपनी के इन नए संस्करणों के विरुध्द लामबंद है।
ब्रज प्रांत संयोजक अमित जैन ने पूरे माह चलने वाले आंदोलन की रूपरेखा से अवगत कराया। इस अवसर पर व्यापारी नेता मदन मोहन श्रीवास्तव विजय अग्रवाल बंटा मीडिया प्रभारी चौधरी विजय आर्य रमेश चंद बिंदल जिलाध्यक्ष जुगल किशोर अग्रवाल महामंत्री संजय बंसल कोषाध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल सादाबाद वाले मनीष अग्रवाल शोरा वाले आदि उपस्थित रहे।