बांके बिहारी दर्शन को आई मासूम पर गिरा जर्जर छज्जा, बंदर की उछलकूद से टूटकर गिरा मलबा

बच्ची गंभीर रूप से घायल; मंदिर मार्ग के जर्जर भवनों की सुरक्षा पर उठे सवाल

वृंदावन । ठा. बांके बिहारी मंदिर में दर्शन करने आए गाजियाबाद के एक श्रद्धालु परिवार की खुशियां उस समय चीख-पुकार में बदल गईं जब मंदिर की ओर जाने वाली गली में एक जर्जर भवन का छज्जा टूटकर एक वर्षीय मासूम बच्ची के ऊपर गिर पड़ा। हादसे में बच्ची गंभीर रूप से घायल हो गई। लहूलुहान हालत में उसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां चिकित्सकों द्वारा उसका उपचार किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार गाजियाबाद के साहिबाबाद क्षेत्र की वसुंधरा कॉलोनी निवासी अमित रविवार को अपने परिवार के छह सदस्यों के साथ ठाकुर बांके बिहारी के दर्शन करने वृंदावन आए थे। परिवार फलाहारी बाबा वाली गली में दर्शन के लिए लगी श्रद्धालुओं की कतार में खड़ा था। इसी दौरान गली में स्थित एक पुराने और जर्जर भवन के छज्जे पर बैठे बंदर ने अचानक उछलकूद शुरू कर दी। बंदर की हलचल के बीच छज्जे का एक हिस्सा टूटकर नीचे कतार में खड़ी अमित की एक वर्षीय पुत्री अर्पिता के ऊपर आ गिरा। मलबे की चपेट में आने से बच्ची के सिर सहित शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं और वह लहूलुहान होकर गिर पड़ी।

अचानक हुए हादसे से मौके पर मौजूद श्रद्धालुओं और परिजनों में चीख-पुकार मच गई। बदहवास पिता अमित तत्काल बच्ची को लेकर रामकृष्ण मिशन सेवाश्रम अस्पताल पहुंचे जहां उसका उपचार जारी है। घटना ने एक बार फिर बांके बिहारी मंदिर के आसपास की संकरी गलियों में स्थित जर्जर भवनों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रोजाना हजारों श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले मंदिर मार्ग पर ऐसे भवन कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।