उत्तर प्रदेश की राजनीति में जातिगत समीकरण हमेशा सत्ता की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभाते रहे हैं। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश में ठाकुर (क्षत्रिय) राजनीति की बढ़ती सक्रियता एक नए सियासी विमर्श को जन्म दे रही है। पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह का राजा भैया के समर्थन में खुलकर सामने आना, कुलदीप सिंह सेंगर के परिवार के साथ खड़े होने का ऐलान करना और अलग-अलग दलों से जुड़े प्रभावशाली क्षत्रिय नेताओं का सामाजिक एवं धार्मिक मंचों पर एक साथ दिखाई देना महज व्यक्तिगत मेल-मिलाप नहीं माना जा सकता। इसके पीछे राजनीतिक ताकत के प्रदर्शन और समाज में अपनी पकड़ मजबूत करने की कोशिश भी दिखाई देती है।
कुंडा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की रामकथा के मंच से बृजभूषण शरण सिंह ने राजा भैया के दबदबे और राजनीतिक प्रभाव की खुलकर प्रशंसा की। यह दृश्य इसलिए भी महत्वपूर्ण था, क्योंकि इससे पहले दोनों नेताओं के बीच प्रतिस्पर्धा और दूरी की चर्चाएं होती रही थीं। बृजभूषण का राजा भैया के पक्ष में मजबूती से खड़ा होना इस बात का संकेत है कि व्यक्तिगत संबंधों और सामाजिक समीकरणों की राजनीति में अब नए रिश्ते बन रहे हैं। इसके साथ ही कुलदीप सिंह सेंगर के परिवार को चुनाव लड़ने की स्थिति में समर्थन देने की घोषणा ने इस बहस को और व्यापक कर दिया है कि क्या कुछ प्रभावशाली नेता राजनीतिक दलों की सीमाओं से बाहर निकलकर बिरादरी आधारित शक्ति का नया केंद्र तैयार करना चाहते हैं। इस पूरे घटनाक्रम को केवल दो-चार नेताओं की नजदीकी के रूप में देखना उचित नहीं होगा। धनंजय सिंह, बृजेश सिंह, विनीत सिंह और अभय सिंह जैसे प्रभावशाली चेहरों की अलग-अलग राजनीतिक पृष्ठभूमि होने के बावजूद सामाजिक मंचों पर सक्रियता बताती है कि व्यक्तिगत संपर्क और जातीय पहचान की राजनीति अब भी प्रभावशाली है। कोई भाजपा में है, कोई अपनी पार्टी चला रहा है और कोई दूसरे दल से जुड़ा रहा है, लेकिन सामाजिक आयोजनों में उनकी उपस्थिति एक अलग राजनीतिक संदेश देती है। यही इस उभरते समीकरण की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता है। दरअसल, 2024 के लोकसभा चुनाव के बाद उत्तर प्रदेश में क्षत्रिय समाज की राजनीतिक नाराजगी और प्रतिनिधित्व को लेकर बहस तेज हुई थी। टिकट वितरण, राजनीतिक उपेक्षा और सत्ता में भागीदारी जैसे मुद्दों ने समाज के भीतर असंतोष को आवाज दी। ऐसे माहौल में प्रभावशाली नेताओं का एक मंच पर आना अपने समर्थकों को यह संदेश देने का माध्यम बन रहा है कि उनकी राजनीतिक ताकत किसी एक दल की मोहताज नहीं है। धार्मिक कथाओं, सामाजिक समारोहों और पारिवारिक आयोजनों के मंच अब केवल मेल-मिलाप तक सीमित नहीं रह गए हैं, बल्कि राजनीतिक शक्ति और प्रभाव दिखाने के अवसर भी बनते जा रहे हैं। हालांकि, इस संभावित गोलबंदी को एक मजबूत राजनीतिक विकल्प मान लेना अभी जल्दबाजी होगी। किसी जाति के कुछ प्रभावशाली नेताओं की नजदीकी का अर्थ यह नहीं कि उस समाज का पूरा मतदाता वर्ग उनके पीछे खड़ा हो जाएगा। उत्तर प्रदेश का मतदाता अब केवल जातीय पहचान के आधार पर निर्णय नहीं करता। विकास, कानून-व्यवस्था, स्थानीय नेतृत्व, रोजगार, सरकार का कामकाज और उम्मीदवार की स्वीकार्यता भी चुनावी फैसलों को प्रभावित करते हैं। इसके अलावा अलग-अलग नेताओं के अपने राजनीतिक हित, महत्वाकांक्षाएं और क्षेत्रीय प्रतिद्वंद्विताएं भी किसी व्यापक एकजुटता के रास्ते में बाधा बन सकती हैं।
सबसे बड़ा सवाल यह है कि इस एकजुटता का इस्तेमाल चुनाव में किस रूप में होगा। क्या ये नेता किसी राजनीतिक दल के साथ सामूहिक सौदेबाजी की स्थिति बनाएंगे, क्या अपने समर्थकों को टिकट दिलाने के लिए दबाव बनाएंगे या फिर जरूरत पड़ने पर स्वतंत्र राजनीतिक रास्ता अपनाएंगे? इन सवालों के जवाब आने वाले महीनों में सामने आएंगे। लेकिन इतना स्पष्ट है कि 2027 के चुनाव से पहले उत्तर प्रदेश में जातीय प्रतिनिधित्व और राजनीतिक हिस्सेदारी की बहस फिर तेज होने वाली है। लोकतंत्र में किसी भी समाज का अपने अधिकार, प्रतिनिधित्व और राजनीतिक भागीदारी के लिए संगठित होना गलत नहीं है। लेकिन किसी भी गोलबंदी की असली कसौटी समाज के व्यापक हित, विकास और जनसेवा होनी चाहिए, न कि केवल नेताओं का व्यक्तिगत दबदबा या किसी जाति विशेष की भावनाओं का राजनीतिक इस्तेमाल। यदि यह एकजुटता सकारात्मक सामाजिक नेतृत्व और जनहित के मुद्दों को आगे बढ़ाती है तो इसका स्वागत होना चाहिए। लेकिन यदि इसका उद्देश्य केवल चुनावी दबाव, टिकटों की सौदेबाजी और व्यक्तिगत राजनीतिक वर्चस्व कायम करना है तो इसकी सीमाएं भी जल्द सामने आ जाएंगी। उत्तर प्रदेश की राजनीति में ठाकुर नेतृत्व की यह नई सक्रियता 2027 के चुनाव को कितना प्रभावित करेगी, यह तो वक्त बताएगा, लेकिन इतना तय है कि सियासी दल अब इस उभरते समीकरण को नजरअंदाज करने की स्थिति में नहीं होंगे।