टीटीजेड की बैठक में मथुरा की तीन औद्योगिक इकाइयों को मिली मंजूरी
69वीं बैठक में आगरा की सात इकाइयों सहित कुल 10 प्रस्ताव अनुमोदित, औद्योगिक निवेश और रोजगार के नए अवसर बढ़ने की उम्मीद
मथुरा/आगरा । ताज ट्रैपेजियम जोन (टीटीजेड) क्षेत्र में औद्योगिक विकास को गति देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। सोमवार को मंडलायुक्त नगेन्द्र प्रताप की अध्यक्षता में आयोजित टीटीजेड प्राधिकरण की 69वीं बैठक में आगरा और मथुरा की कुल 10 औद्योगिक इकाइयों की स्थापना एवं विस्तारीकरण के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से मंजूरी प्रदान की गई। इनमें मथुरा जनपद की तीन और आगरा की सात औद्योगिक इकाइयां शामिल हैं।
बैठक में सेंट्रल इम्पावर्ड कमेटी (सीईसी) के सदस्य अंजन कुमार मोहन्ती तथा राष्ट्रीय पर्यावरण अभियांत्रिकी अनुसंधान संस्थान (नीरी) के मुख्य वैज्ञानिक एवं अध्यक्ष डॉ. एसके गोयल की विशेष उपस्थिति रही। बैठक में पिछली बैठक के कार्यवृत्त की पुष्टि के साथ पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने टीटीजेड क्षेत्र में नगर निगम नगर पालिका परिषद और नगर पंचायतों द्वारा किए जा रहे ठोस कचरा प्रबंधन तथा विभिन्न जनपदों में परिवेशीय वायु गुणवत्ता की स्थिति की समीक्षा की। एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन की स्थापना को लेकर भी अधिकारियों से जानकारी ली गई। उन्होंने निर्देश दिए कि औद्योगिक गतिविधियों के अलावा वायु प्रदूषण के अन्य कारणों की पहचान कर रोकथाम के लिए आवश्यक कार्रवाई की जाए। हाथरस में एक माह के भीतर एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन स्थापित करने के निर्देश दिए गए। पिछली बैठक के जिन निर्णयों की अनुपालन आख्या अभी तक उपलब्ध नहीं कराई गई है उन्हें भी शीघ्र प्रस्तुत करने को कहा गया।
बैठक में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना और विस्तारीकरण के लिए प्राप्त नए आवेदनों पर विस्तार से चर्चा की गई। परीक्षण के बाद 10 औद्योगिक इकाइयों के प्रस्तावों को सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया। अधिकारियों के अनुसार अन्य औद्योगिक इकाइयों के आवेदनों की भी जांच की जा रही है। पात्र इकाइयों को जल्द ही मंजूरी प्रदान की जाएगी।
प्राधिकरण के इस निर्णय से टीटीजेड क्षेत्र के जनपदों में औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने के साथ निवेश को प्रोत्साहन मिलेगा। इसके अलावा स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर भी सृजित होने की उम्मीद है। प्रशासन का कहना है कि उद्योगों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से अनुमोदन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
बैठक में जिलाधिकारी आगरा मनीष कुमार बंसल, एडीए उपाध्यक्ष विजय कुमार, वन संरक्षक आगरा अनिल कुमार पटेल, क्षेत्रीय अधिकारी प्रदूषण विभाग विश्वनाथ शर्मा, आगरा एवं फिरोजाबाद के नगर आयुक्त, आगरा मथुरा और फिरोजाबाद के जिला वन अधिकारी, उपायुक्त उद्योग तथा टीटीजेड सदस्य उमेश शर्मा और विजय गुप्ता सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।