मथुरा के चूना कंकड़ में हुई वृद्ध महिला की हत्या का खुलासा , अम्मा कहता था हत्यारा
वृद्ध महिला की हत्या और लूट का सनसनीखेज खुलासा, परिचित युवक गिरफ्तार
मथुरा। थाना कोतवाली क्षेत्र की चूना कंकड़ वाली गली में 24 अक्टूबर की रात वृद्ध महिला की निर्मम हत्या और लूट की वारदात का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। कोतवाली पुलिस और स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई में पुलिस ने हत्या और लूट के मामले में वांछित 19 वर्षीय युवक को गिरफ्तार किया है। हैरानी की बात यह है कि आरोपी महिला के घर आता-जाता था और उन्हें अम्मा कहकर बुलाता था। महिला भी उसे अपने बच्चे की तरह मानती थीं। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से सोने और पीली धातु के आभूषण सहित मोबाइल फोन और 16 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान भरत पुत्र सोनू निवासी मकान नंबर 443 चूना कंकड़ वाली गली थाना कोतवाली मथुरा के रूप में हुई है। उसे 29 अक्टूबर की रात करीब 10:27 बजे चूना कंकड़ वाली गली के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह वृद्ध महिला के घर आता-जाता था। नवरात्रि के दौरान वह अपनी बहन के साथ महिला के घर कन्या-लांगुर भोजन करने गया था। इसी दौरान उसकी नजर घर में रखी तिजोरी और जेवरों पर पड़ गई। इसके बाद उसके मन में चोरी करने का लालच पैदा हो गया। पुलिस के मुताबिक आरोपी ने वारदात से पहले गूगल पर बेहोशी के इंजेक्शन और तमंचे के बारे में भी जानकारी खोजी थी।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 24 अक्टूबर की रात करीब 10 बजे वह वृद्ध महिला के घर पहुंचा और दरवाजे की घंटी बजाई। महिला के बाहर आने पर उसने छत पर कपड़ा गिरने का बहाना बनाया। महिला छत की चाबी लेकर उसे ऊपर ले जाने लगीं। इसी दौरान आरोपी ने सीढ़ियों पर पड़ी ईंट उठाकर उनके सिर और चेहरे पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण महिला की मौत हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी महिला के पहने हुए जेवर और कमरे में रखे बैग में मौजूद आभूषण लेकर फरार हो गया। घर पहुंचकर उसने कपड़े बदले और सो गया।
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 60 कंगन तीन अंगूठियां दो लॉकेट 27 कान के टॉप्स एक नोज पिन तीन अन्य आभूषण एक मिश्रित धातु की अंगूठी आसमानी रंग का मोटो जी-57 पावर मोबाइल फोन और 16 हजार 600 रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में भारतीय न्याय संहिता की धारा 317(2) की बढ़ोतरी की गई है। पुलिस के अनुसार मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। गिरफ्तारी और बरामदगी की कार्रवाई में थाना कोतवाली पुलिस तथा स्वाट टीम शामिल रही।