जवाहर बाग मॉर्निंग वॉकर्स ग्रुप के आयोजन में समाज सेवा को सराहा, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

दाल-बाटी उत्सव में गीत-संगीत और हास्य की बही रसधार

मथुरा। शहर के भूतेश्वर मार्ग स्थित होटल मुकुंद धाम में बृहस्पतिवार शाम जवाहर बाग मॉर्निंग वॉकर्स ग्रुप के तत्वावधान में भव्य सामाजिक एवं सांस्कृतिक समारोह आयोजित किया गया। पारंपरिक दाल-बाटी उत्सव के बीच समाज सेवा में उल्लेखनीय योगदान देने वाले प्रमुख समाजसेवी प्रमोद गर्ग कसरे को सम्मानित किया गया। समारोह में गीत-संगीत और हास्य की प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। सामाजिक सौहार्द और आपसी मेल-मिलाप के वातावरण में आयोजित कार्यक्रम में शहर के अनेक गणमान्य लोग शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ नंदकिशोर उपमन्यु एडवोकेट, राजीव अग्रवाल बृजवासी और जयंती प्रसाद अग्रवाल ने मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया।

समारोह में मथुरा के प्रमुख समाजसेवी प्रमोद गर्ग कसरे को समाज सेवा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए शॉल और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। जल पुरुष, ऑक्सीजन मैन और अग्नि योद्धा के रूप में पहचाने जाने वाले प्रमोद गर्ग कसरे के सेवा कार्यों की वक्ताओं ने सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज के प्रति समर्पण भाव से किए गए कार्य दूसरों को भी जनसेवा के लिए प्रेरित करते हैं।

इसके बाद आयोजित सांस्कृतिक संध्या में गीत-संगीत और हास्य का अनूठा संगम देखने को मिला। अजय गौतम एडवोकेट और उनकी धर्मपत्नी ने युगल गीत प्रस्तुत कर श्रोताओं का मन मोह लिया। वहीं, जाने-माने हास्य कवि एडवोकेट राम सरीन ने अपनी चुटीली रचनाओं और व्यंग्यात्मक अंदाज से लोगों को खूब गुदगुदाया। उनकी प्रस्तुतियों पर सभागार ठहाकों से गूंज उठा। गायक अनुराग कसरे ने सदाबहार और नए गीतों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर शाम को संगीतमय बना दिया।

पारंपरिक दाल-बाटी उत्सव के दौरान उपस्थित लोगों ने आपसी मेल-मिलाप के साथ कार्यक्रम का आनंद लिया। आयोजन ने सामाजिक एकजुटता, मित्रता और सांस्कृतिक परंपराओं को प्रोत्साहित करने का संदेश दिया।

समारोह में नीरज गोयल, अजय माहेश्वरी, विजय माहेश्वरी, कन्हैया लाल (दाल वाले), श्यामसुंदर अग्रवाल (सदर), मनोज सिंघल, धर्मेंद्र कौशल, अशोक भारद्वाज, सतीश चंद्र, धीरज सैनी, राजेश अग्रवाल, विजय अग्रवाल (शोरावाले), राजू चावल, उमेश चंद अग्रवाल, मुकेश चंद ग्राफिक्स, उमेश पचौरी गोली, सुनील सिंघल, राजेंद्र प्रसाद, संजीव अग्रवाल, राकेश अग्रवाल, गबेंद्र प्रताप सिंह, संजय भाई, गिरधारी पाठक, बांके लाल, विजय गर्ग, भगवान चतुर्वेदी, महेश भाईसाहब, विजय चतुर्वेदी, संजय अग्रवाल, राजेंद्र राठी, अशोक बंसल, अनंत अग्रवाल, रामबाबू अग्रवाल, विकास अग्रवाल, शरद गर्ग, मुकेश मालपानी, एडवोकेट अजय सिंह, सतीश चंद (मेडिकल), सुधीर अग्रवाल, संदीप सर्राफ, सुशील गोयल, राजीव राठी, चरण दयाल, विनोद महावन, शिवराज सिंह, बालकिशन चतुर्वेदी बालो, महेश गुप्ता, गिरीश वर्मा, गौरव अग्रवाल, विवेक अग्रवाल, जयवीर सिंह, गिरधारी अग्रवाल, प्रीति अग्रवाल, संजय सारस्वत, गिरीश गौतम, लोकेश, दीपक, राजेंद्र गुप्ता, संजय राठी, करणवीर सिंह, बॉबी प्रधान, शैलेश बंसल, दीप सिंह जादौन, देवदत्त जोशी, बंशीधर उपाध्याय, आकाश गर्ग और आशुतोष रस्तोगी सहित अनेक लोग मौजूद रहे।