यूपीआई पर बढ़े चार्ज के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, फूंका पुतला

मथुरा। उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर यूपीआई से 2000 रुपये से अधिक के लेनदेन पर प्रस्तावित 0.4 प्रतिशत चार्ज बढ़ोतरी के विरोध में व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार पिंटू के नेतृत्व में व्यापारियों ने बाजार में नारेबाजी करते हुए यूपीआई का पुतला दहन किया।

इसके बाद व्यापारियों ने जिला मुख्यालय पहुंचकर प्रधानमंत्री के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी रामप्रकाश त्रिपाठी को सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से बढ़ाए गए चार्ज को तत्काल वापस लेने की मांग की गई।

जिलाध्यक्ष अभिषेक कुमार पिंटू ने कहा कि व्यापारी पहले ही विभिन्न करों का बोझ झेल रहे हैं। ऐसे में यूपीआई लेनदेन पर अतिरिक्त चार्ज लगाने से व्यापारियों पर आर्थिक बोझ बढ़ेगा। सरकार को व्यापारी हित में इस बढ़ोतरी को तत्काल वापस लेना चाहिए।

जिला महासचिव बबलू सैनी ने कहा कि व्यापारियों का उत्पीड़न किया जा रहा है। नगर अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र प्रसाद लोधी ने कहा कि करों के बोझ से दबे व्यापारियों को सरकार को तत्काल राहत देनी चाहिए।

प्रदर्शन और ज्ञापन देने वालों में नगर महासचिव सतीश पटेल जिला उपाध्यक्ष भगवती चतुर्वेदी पवन चौधरी लाला जगदीश पटेल संजय सैनी पंडाजी सोनू अग्रवाल दिलीप सैनी सलीम संजय कुमार आकाश कुमार रजत आतिश खान पप्पू ईशापुर सहित अन्य व्यापारी मौजूद रहे।