मथुरा । पंडित दीनदयाल धाम फरह में आयोजित मेले में प्रदेश के उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों से जोड़ते हुए कहा कि गरीब किसान युवा और समाज के अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना ही पंडित जी को सच्ची श्रद्धांजलि है। उन्होंने कहा कि आयुष्मान भारत योजना के तहत पात्र परिवारों को पांच लाख रुपये तक के उपचार की स्वास्थ्य सुरक्षा मिल रही है। प्रदेश में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि 2026-27 के राज्य बजट के अनुसार प्रदेश में 81 मेडिकल कॉलेज संचालित हैं। इनमें 45 सरकारी और 36 निजी क्षेत्र के हैं।
प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि जिन जिलों में अभी मेडिकल कॉलेज की सुविधा नहीं है वहां भी चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है। किसानों को मजबूत करने युवाओं को अवसर देने और गरीबों को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए योजनाओं को धरातल पर उतारा जा रहा है। उन्होंने कहा कि समाज में नकारात्मक माहौल बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। ऐसे में लोगों को पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर अंत्योदय की भावना को आगे बढ़ाना चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में करोड़ों युवा और महिलाएं विकास की प्रक्रिया से जुड़ रहे हैं।
डिप्टी सीएम ने कहा कि एकात्म मानव दर्शन और अंत्योदय की विचारधारा सरकार की योजनाओं के केंद्र में है। किसान गरीब युवा और बुजुर्ग सभी को सम्मान और अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने मेले में मौजूद लोगों का आभार जताते हुए कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और उन्हें व्यवहार में उतारने का प्रयास जारी रहेगा।
युवाओं की भागीदारी से गांव-गांव पहुंचेगा टीबी मुक्त भारत का संदेश
मथुरा। फरह स्थित पंडित दीनदयाल धाम से केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के नेतृत्व में आयोजित ‘प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत’ अभियान के तहत जेओएसएच (ज्वाइंट स्क्वाड फॉर हेल्थ) टीमों के राष्ट्रीय शुभारंभ कार्यक्रम में वर्चुअल माध्यम से प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक द्वारा
सहभागिता की गई।

उप मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य विभाग का कैबिनेट मंत्री का कार्य देख रहे बृजेश पाठक ने कहा कि जेओएसएच टीमों का प्रथम चरण 11 राज्यों के 55 जिलों में शुरू किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य युवाओं की ऊर्जा पहुंच और सहभागिता को टीबी उन्मूलन के सामुदायिक प्रयासों से जोड़ना है। इसके माध्यम से टीबी मुक्त भारत का संदेश गांव-गांव और समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाया जाएगा।
अभियान में युवाओं की सक्रिय भागीदारी के जरिए टीबी की रोकथाम और समय पर उपचार के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के टीबी मुक्त भारत के संकल्प को जनभागीदारी के माध्यम से मजबूत करने और देश को टीबी मुक्त बनाने में सामुदायिक सहयोग बढ़ाने का आह्वान किया गया। इस दौरान उनके साथ राज्यसभा सांसद तेजवीर सिंह भी मौजूद रहे।