मथुरा में चार दिन बाद थमी सफाई कर्मचारियों की हड़ताल

नगर आयुक्त के आश्वासन पर बनी सहमति, आगामी बोर्ड बैठक में भर्ती प्रस्ताव पास कराने का भरोसा

मथुरा। मथुरा-वृंदावन नगर निगम के सफाई कर्मचारियों की चार दिन से चल रही काम बंद हड़ताल बुधवार को नगर निगम प्रशासन के साथ हुई वार्ता के बाद फिलहाल स्थगित हो गई। आगामी श्रीराम बारात और नगर की सफाई व्यवस्था को देखते हुए कर्मचारियों ने हड़ताल स्थगित करने का निर्णय लिया। उपसभापति मुकेश सारस्वत और नगर आयुक्त ओजस्वी राज की मौजूदगी में सफाई कर्मचारी एकता के प्रतिनिधियों तथा पार्षदों के बीच नगरहित में सौहार्दपूर्ण और सकारात्मक वातावरण में वार्ता हुई।

नगर निगम कार्यालय में हुई बैठक के दौरान सफाई कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और नियुक्ति संबंधी मांग नगर आयुक्त के समक्ष रखी। कर्मचारियों का कहना था कि सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए लंबे समय से भर्ती की मांग की जा रही है। इस पर नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्पष्ट किया कि सफाई कर्मचारियों की नियुक्ति को लेकर अभी तक नगर निगम बोर्ड से प्रस्ताव पारित नहीं हुआ है। बोर्ड की स्वीकृति के बिना नियुक्ति की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ाई जा सकती।

वार्ता के दौरान नगर की सफाई व्यवस्था को और अधिक प्रभावी एवं सुचारु बनाए रखने के लिए सफाई कर्मचारियों की शीघ्र भर्ती किए जाने पर सहमति बनी। नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया कि भर्ती संबंधी प्रस्ताव आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्तुत कर उसे स्वीकृत कराने की कार्रवाई की जाएगी। आश्वासन के बाद कर्मचारियों ने फिलहाल अपनी काम बंद हड़ताल स्थगित कर दी हैे।

सफाई कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि यदि आगामी बोर्ड बैठक में भर्ती संबंधी प्रस्ताव पारित नहीं किया गया और उनकी मांग का समाधान नहीं हुआ तो वे दोबारा काम बंद हड़ताल शुरू करने के लिए मजबूर होंगे। कर्मचारियों ने कहा कि उनका उद्देश्य नगर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित करना नहीं बल्कि अपनी जायज मांग को प्रशासन के सामने रखना है।

बैठक में सभी पक्षों ने नगरहित जनस्वास्थ्य और स्वच्छता व्यवस्था को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए आपसी समन्वय और सकारात्मक संवाद के माध्यम से समस्याओं का समाधान करने पर सहमति जताई।

बैठक में राजीव कुमार सिंह, राकेश भाटिया, कुलदीप पाठक, निरंजन सिंह कुंतल, अभिजीत चौधरी, मुन्ना मलिक, धनंजय लोधी, अंकुर गुर्जर, हनुमान पहलवान, हेमंत गोयल खंदौली, राजवीर सिंह, तेजवीर सिंह, कुंजबिहारी भारद्वाज, बृजेश खरे, नीरज वशिष्ठ सहित अन्य पार्षद मौजूद रहे। सफाई कर्मचारी यूनियन की ओर से उत्तम चंद सहजना, प्रीतम सिंह, विक्की वाल्मीकि, प्रमोद वाल्मीकि और अरुण खरे सहित अन्य प्रतिनिधि उपस्थित रहे।