मथुरा में फर्जी लूट का पर्दाफाश: एजेंट ने साथी संग रची 6 लाख हड़पने की साजिश, दोनों गिरफ्तार

मथुरा। जनपद के थाना राया क्षेत्र में 6 लाख रुपये की लूट की सनसनीखेज घटना आखिरकार फर्जी निकली। पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए पूरे मामले का खुलासा कर साजिश रचने वाले एजेंट और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया।
थाना राया पुलिस, एसओजी, स्वॉट व सर्विलांस टीम ने ग्राम हरोथा के बाहर सरकारी स्कूल के पार्क के पास से कुलदीप सिंह निवासी सरकोरिया थाना गौरई जनपद अलीगढ़ व अजीत निवासी नगला बधिया थाना इगलास जनपद अलीगढ़ को गिरफ्तार किया। दोनों के कब्जे से घटना से संबंधित पूरे 6 लाख रुपये भी बरामद किए गए। अपर पुलिस अधीक्षक (अपराध) श्रीमती श्वेता यादव ने पत्रकारों को बताया कि
पूछताछ में सामने आया कि वादी ने अपने एजेंट कुलदीप सिंह के खाते में 6 लाख रुपये डलवाए थे और उसे रकम निकालकर मथुरा लाने को कहा था। इसी बीच कुलदीप ने अपने साथी अजीत के साथ मिलकर रकम हड़पने की साजिश रच डाली। दोनों ने बैंक से 3-3 लाख रुपये निकालकर आपस में बांट लिए और रकम को ग्राम हरोथा में छिपा दिया।
इसके बाद साजिश को अंजाम देने के लिए कुलदीप ने अपनी मोटरसाइकिल का अगला हिस्सा तोड़कर हाईवे पर लूट की झूठी कहानी गढ़ी। पहले वादी को सूचना दी और फिर डायल 112 पर कॉल कर खुद को लूट का शिकार बताया। खाली बैग को रास्ते में फेंककर घटना को सच साबित करने की कोशिश की गई।
पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सघन जांच के आधार पर पूरे मामले का खुलासा करते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ थाना राया में बीएनएस की धारा 316(5)/317(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। पत्रकार वार्ता में पुलिस उपाधीक्षक (महावन) संजीव राय भी मौजूद रहे।