101वें वर्ष में कदम रखते ही पंडित रामकृष्ण शर्मा का भव्य नागरिक अभिनंदन
राजनीतिक-सामाजिक योगदान को नमन, भारत रत्न देने की उठी मांग
मथुरा । गोवर्धन रोड स्थित खंडेलवाल सेवा सदन में रविवार को पूर्व सांसद एवं वरिष्ठ समाजवादी नेता पंडित रामकृष्ण शर्मा के 101 वर्ष पूर्ण होने पर भव्य नागरिक अभिनंदन समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और गणमान्य नागरिकों की भारी उपस्थिति रही।
समारोह की अध्यक्षता स्वतंत्रता सेनानी परिवार संगठन के अध्यक्ष राजेंद्र केसोरैया ने की, जबकि मुख्य अतिथि पूर्व उच्च शिक्षा मंत्री पंडित श्याम सुंदर शर्मा रहे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि पंडित रामकृष्ण शर्मा ने राजस्थान के राजनीतिक और सामाजिक जीवन में विशिष्ट पहचान बनाई है। उन्होंने केंद्र सरकार से पंडित शर्मा को भारत रत्न से सम्मानित किए जाने की मांग भी उठाई।
संसदीय अध्ययन संस्थान के सदस्य दीपक मिश्रा ने कहा कि डॉ. राम मनोहर लोहिया के साथ देशहित में किए गए आंदोलनों में पंडित रामकृष्ण शर्मा की भूमिका ऐतिहासिक रही है, जिसे भुलाया नहीं जा सकता। पूर्व विधायक हुकुमचंद तिवारी ने भी उनके लंबे सार्वजनिक जीवन और समाजसेवा को प्रेरणादायक बताया।
कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता सेनानी परिवार के नरेंद्र कृष्ण गौतम ने अपनी स्वरचित कविता प्रस्तुत कर सभी को भावविभोर कर दिया। आयोजनकर्ता समाजवादी पार्टी के पूर्व जिला अध्यक्ष गुरुदेव शर्मा ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर उपाध्याय, चेतन स्वरूप पाराशर, पन्नालाल गौतम, डॉ. सुरेंद्र शर्मा, ठाकुर कुश कुमार सिंह, कुँवर नरेंद्र सिंह, जगदीश कौशिक, अशोक चकलेश्वर, पूर्व सभासद चौधरी सईद कुरेशी, अवकाश प्राप्त सीडीओ राधेश्याम गौतम, मुकेश धनगर, धर्मदत्त गौतम सहित सैकड़ों लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन कामरेड शिवदत्त चतुर्वेदी एवं विनीत ने किया।