ग्रेटर नोएडा/जेवर। गौतमबुद्धनगर जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर बुधवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। जेवर थाना क्षेत्र में 33-किलोमीटर माइलस्टोन के पास चलती स्लीपर टूरिस्ट बस में अचानक भीषण आग लग गई। इस अग्निकांड में 9 यात्रियों की जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे में बचे यात्री सुनील कुमार (निवासी खुशीपुरा, राठ, जिला हमीरपुर) की तहरीर पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है। शिकायतकर्ता के अनुसार, वह दिल्ली के कश्मीरी गेट से राज कल्पना ट्रेवल्स की बस (रजिस्ट्रेशन नं० BR32PA8647) से राठ जाने के लिए सवार हुए थे। बस में करीब 30 से 35 यात्री मौजूद थे।
रात लगभग 11:30 बजे बस जैसे ही नोएडा से आगे यमुना एक्सप्रेसवे पर किलोमीटर 33 के पास पहुंची, केबिन से जलने की तेज बदबू आने लगी। यात्रियों ने तुरंत चालक और परिचालक को इस खतरे से आगाह किया, लेकिन चालक ने बस रोककर जांच करने के बजाय स्थिति को पूरी तरह नजरअंदाज कर दिया।
यात्रियों का आरोप है कि चालक और परिचालक अपने केबिन में बीड़ी/सिगरेट पी रहे थे। चेतावनी के कुछ ही देर बाद ड्राइवर सीट के पास से अचानक भयानक लपटें उठने लगीं और पूरी बस को अपनी चपेट में ले लिया।
केबिन से उठी आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। बस में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। कुछ यात्रियों ने खिड़कियों और दरवाजों से कूदकर किसी तरह अपनी जान बचाई, लेकिन कई लोग अंदर ही फंसे रह गए। एक्सप्रेसवे पर धू-धू कर जलती बस को देख वहां से गुजर रहे अन्य वाहन चालकों में भी हड़कंप मच गया।
राष्ट्रपति, रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया गहरा शोक
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू: सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर संवेदना व्यक्त करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश में यमुना एक्सप्रेसवे पर बस में आग लगने से लोगों की मौत की खबर बेहद दुखद है। मैं पीड़ित परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करती हूं और घायलों के जल्द ठीक होने की कामना करती हूं।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ: दुर्घटना का तत्काल संज्ञान लेते हुए दिवंगत आत्माओं के प्रति संवेदना जताई। सीएम ने जिला प्रशासन के अधिकारियों को घायलों के समुचित एवं त्वरित इलाज के कड़े निर्देश दिए हैं और पीड़ित परिवारों से वार्ता कर हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह: हादसे को अत्यंत हृदयविदारक बताते हुए परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना की। पुलिस जांच जारी
घटना की सूचना मिलते ही जेवर कोतवाली पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और राहत व बचाव कार्य संभाला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शवों को कब्जे में लेकर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। यात्रियों के आरोपों और आग लगने के तकनीकी कारणों की गहनता से जांच शुरू कर दी गई है।