भाजपा ब्रज क्षेत्र की संगठनात्मक बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने पर मंथन
सरस्वती कुंड पर चार सत्रों में हुई बैठक, संगठन की गतिविधियों की समीक्षा और आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा
मथुरा। भारतीय जनता पार्टी ब्रज क्षेत्र की क्षेत्रीय कार्यसमिति एवं जिलाध्यक्षों की महत्वपूर्ण संगठनात्मक बैठक शनिवार को सरस्वती कुंड स्थित परिणय गार्डन में चार सत्रों में सम्पन्न हुई। बैठक में संगठन की वर्तमान गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा और संगठन को बूथ स्तर तक अधिक मजबूत एवं सक्रिय बनाने पर व्यापक मंथन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह, ब्रज क्षेत्र प्रभारी एवं महामंत्री गीता शाक्य, ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी, प्रदेश महामंत्री राजेश चौधरी, भाजपा महानगर अध्यक्ष हरिशंकर राजू यादव एवं जिलाध्यक्ष निर्भय पांडे ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने बैठक में संगठनात्मक कार्यों को प्राथमिकता देते हुए कहा कि संगठन की मजबूती कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आपसी समन्वय पर निर्भर करती है। उन्होंने मंडल से लेकर बूथ स्तर तक संगठनात्मक गतिविधियों को नियमित रूप से संचालित करने और कार्यकर्ताओं से सतत संपर्क बनाए रखने पर जोर दिया।

उन्होंने पदाधिकारियों से संगठन द्वारा निर्धारित कार्यक्रमों को समयबद्ध तरीके से धरातल पर उतारने का आह्वान किया। साथ ही जनप्रतिनिधियों और संगठन के बीच बेहतर समन्वय को संगठनात्मक कार्यों की गति बढ़ाने के लिए आवश्यक बताया। प्रथम सत्र में संगठन महामंत्री धर्मपाल सिंह ने विधायकों के साथ अलग से संगठनात्मक विषयों पर विचार-विमर्श किया। द्वितीय सत्र में ब्रज क्षेत्र कार्यसमिति की बैठक आयोजित हुई, जबकि तृतीय सत्र में मथुरा महानगर एवं जिले के सभी मंडल अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक मुद्दों पर चर्चा की गई। चतुर्थ सत्र में मथुरा जनपद की पांचों विधानसभा क्षेत्रों के पूर्व पदाधिकारियों के साथ विचार-विमर्श हुआ।
ब्रज क्षेत्र प्रभारी गीता शाक्य ने संगठनात्मक कार्यों में निरंतरता और बेहतर समन्वय पर बल देते हुए कहा कि कार्ययोजना का वास्तविक प्रभाव तभी दिखता है जब उसे मंडल और बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से लागू किया जाए। उन्होंने कार्यकर्ताओं से निरंतर संवाद बनाए रखने और आगामी कार्यक्रमों में अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने की बात कही।
ब्रज क्षेत्र अध्यक्ष पूरन सिंह लोधी ने कहा कि संगठन की शक्ति कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी में निहित है। उन्होंने मंडल और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने पदाधिकारियों से नियमित संपर्क और संगठनात्मक कार्यक्रमों की जानकारी प्रत्येक स्तर तक पहुंचाने का आह्वान किया।
बैठक की अध्यक्षता पूरन सिंह लोधी ने की, जबकि संचालन ब्रज क्षेत्र महामंत्री संजीव शर्मा ने किया। जिला महानगर मीडिया प्रभारी श्याम शर्मा ने बताया कि बैठक में ब्रज क्षेत्र के विधायक, जिला एवं महानगर अध्यक्ष, पूर्व पदाधिकारी एवं सभी मंडल अध्यक्ष उपस्थित रहे। चारों सत्रों में संगठनात्मक गतिविधियों की समीक्षा के साथ आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा हुई।