ये विजय परिषद की राष्ट्र…, ABVP की जीत पर अमित शाह से राजनाथ तक ने दी बधाई

नई दिल्ली । केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को दिल्ली यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव 2026 में चार में से तीन पदों पर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की जीत की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह जीत इस छात्र संगठन की राष्ट्र प्रथम विचारधारा में युवाओं के अटूट विश्वास को दर्शाती है।

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि दिल्ली विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में एबीवीपी की शानदार जीत पर परिषद के सभी कर्मठ कार्यकर्ताओं को हार्दिक बधाई। यह विजय परिषद की राष्ट्र प्रथम की विचारधारा और छात्रहित के प्रति समर्पण पर युवाओं के अटूट भरोसे को दर्शाती है।

उन्होंने आगे कहा कि मुझे पूर्ण विश्वास है कि परिषद के कार्यकर्ता इस जीत से मिली नई ऊर्जा और स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों पर चलते हुए छात्रहितों व राष्ट्र निर्माण के कार्यों को निरंतर आगे बढ़ाते रहेंगे। दिल्ली विश्वविद्यालय केवल एक यूनिवर्सिटी नहीं, यहां देश के हर कोने से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। यहां का जनादेश पूरे भारत के युवाओं के मन का प्रतिबिंब होता है।

अमित शाह ने कहा कि आज एबीवीपी को मिली शानदार जीत उन राष्ट्र विरोधी ताकतों के लिए स्पष्ट संदेश है, जो युवा शक्ति को राष्ट्रविरोधी एजेंडे की प्रयोगशाला बनाना चाहते हैं। देश का युवा आज राष्ट्र प्रथम की विचारधारा के साथ मजबूती से खड़ा है और यही इस जनादेश का सबसे बड़ा संदेश है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने एक्स पर बधाई देते हुए लिखा कि यह जीत ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना पर आधारित सकारात्मक और रचनात्मक छात्र राजनीति में युवाओं के निरंतर विश्वास और ‘विकसित भारत’ के विजन में योगदान देने के उनके दृढ़ संकल्प को दर्शाती है। जीतने वाले उम्मीदवारों और इस जीत को संभव बनाने के लिए अथक प्रयास करने वाले सभी लोगों को मेरी शुभकामनाएं।

केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने लिखा कि यह जीत राष्ट्र प्रथम की विचारधारा में देश के युवाओं के दृढ़ विश्वास और उनकी प्रतिबद्धता को प्रतिबिंबित करती है। मुझे विश्वास है कि परिषद के कार्यकर्ता स्वामी विवेकानंद जी के आदर्शों से प्रेरणा लेकर युवा शक्ति में राष्ट्रभक्ति, सेवा और राष्ट्रनिर्माण की भावना को निरंतर जागृत करते रहेंगे।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बधाई देते हुए लिखा कि यह जीत युवाओं के राष्ट्र प्रथम की नीति में अटूट विश्वास का प्रतीक है। मुझे विश्वास है कि एबीवीपी छात्र हितों, राष्ट्र सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प के साथ इसी समर्पण से कार्य करती रहेगी। अभाविप की पूरी टीम को बधाई और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं।