मथुरा में हैवानियत: मामूली बहस पर कार चालक की दबंगई, JE को सड़क पर कई मीटर घसीटा; हालत गंभीर

​मथुरा। कान्हा की नगरी मथुरा के व्यस्त मसानी चौराहे पर इंसानियत को तार-तार कर देने वाली खौफनाक वारदात सामने आई है। महज एक मामूली बहस के बाद बेखौफ कार चालक ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग (छाता) में तैनात अवर अभियंता विक्रांत भारती को कार से टक्कर मार दी और सड़क पर कई मीटर तक घसीटता चला गया। इस दर्दनाक हादसे में इंजीनियर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वायरल वीडियो में कार का नंबर यूपी 80 FS 7288 दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, मसानी चौराहे के पास कार चालक और अवर अभियंता विक्रांत भारती के बीच किसी बात को लेकर बहस हो गई थी। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ा कि कार चालक आपा खो बैठा और उसने इंजीनियर पर गाड़ी चढ़ा दी। विक्रांत कार की चपेट में आ गए, लेकिन हैवान बने चालक ने ब्रेक लगाने के बजाय गाड़ी की रफ्तार और बढ़ा दी। सड़क पर खड़े लोग बदहवास होकर चिल्लाते रहे, “रोको… रोको…”, लेकिन आरोपी चालक उन्हें घसीटते हुए तेजी से भाग निकला।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल अवर अभियंता को तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। घटना से गुस्साए सहकर्मियों और स्थानीय लोगों ने आरोपी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मसानी चौराहे व आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। गाड़ी के नंबर के आधार पर आरोपी की पहचान की कोशिश की जा रही है और उसके खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में मामला दर्ज कर जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।