छाता शुगर मिल जल्द होगी चालू, इथेनॉल प्लांट संग मिलेगा नया प्रोजेक्ट: लक्ष्मीनारायण
सीएम योगी के निर्देश पर फिर धधकेगी मिल की भट्टी; मंत्री ने आंदोलनरत किसानों से धरना समाप्त करने की अपील की
मथुरा। कई सालों से बंद पड़ी छाता शुगर मिल के दिन अब जल्द ही बहुरने वाले हैं। उत्तर प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने शनिवार को प्रेसवार्ता के दौरान घोषणा की कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर मिल को जल्द से जल्द चालू कराया जाएगा। इस निर्णय से क्षेत्र के किसानों और स्थानीय निवासियों में उम्मीद की नई किरण जगी है।
कैबिनेट मंत्री के अनुसार मिल को वर्ष में करीब 11 महीने संचालित करने की विस्तृत योजना तैयार की गई है। मिल परिसर में इथेनॉल प्लांट के साथ-साथ गन्ना आधारित अन्य आधुनिक प्लांट भी स्थापित किए जाएंगे ताकि किसानों को सीधा आर्थिक लाभ पहुंचेगा। मंत्री ने लंबे समय से आंदोलन कर रहे किसानों और स्थानीय लोगों से प्रशासनिक कदम का समर्थन करते हुए शीघ्र धरना समाप्त करने की अपील की।
लक्ष्मीनारायण चौधरी ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ हाल ही में दो दिवसीय मथुरा दौरे पर आए थे और उन्होंने स्वयं छाता शुगर मिल को प्राथमिकता के आधार पर शुरू कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने संकेत दिया कि छाता क्षेत्र को जल्द ही एक और बड़ी सौगात और नया औद्योगिक प्रोजेक्ट मिलने वाला है। इस प्रेसवार्ता में गोवर्धन के विधायक मेध श्याम सिंह, बलदेव के विधायक पूरन प्रकाश, जिलाधिकारी चंद्र प्रकाश सिंह मौजूद रहे।
प्रेसवार्ता में राष्ट्रीय लोकदल के जिलाध्यक्ष प्रीतम सिंह द्वारा किए गए राजनीतिक कटाक्ष पर जब मंत्री से सवाल किया गया, तो उन्होंने कड़ा रुख अपनाया। मंत्री लक्ष्मीनारायण चौधरी ने स्पष्ट कहा कि वह अखिलेश यादव की कभी तारीफ नहीं करते और न ही लोकदल का नाम लेते हैं।
छाता शुगर मिल के पुनः संचालन और नए प्रोजेक्ट्स के ऐलान से क्षेत्र के ग्रामीण अर्थशास्त्र को मजबूती मिलने और रोजगार के नए अवसर पैदा होने की पूरी संभावना है।