दाऊजी महाराज को राखी बांधकर भाव-विभोर हुईं पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती
बलदेव पहुंचकर बड़े भाई के रूप में की पूजा-अर्चना
मथुरा। रक्षाबंधन पर्व पर मध्यप्रदेश की पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती शुक्रवार को बलदेव स्थित श्री दाऊजी महाराज मंदिर पहुंचीं। उन्होंने अपने आराध्य और बड़े भाई के रूप में मानने वाले श्री दाऊजी महाराज के दर्शन किए और विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर उन्हें राखी अर्पित की। इस दौरान उन्होंने मनौती भी मांगी।
उमा भारती का श्री दाऊजी महाराज से विशेष आत्मीय और भावनात्मक जुड़ाव है। वह श्री दाऊजी महाराज को अपना बड़ा भाई मानती हैं और प्रत्येक वर्ष रक्षाबंधन तथा भैयादूज के अवसर पर मंदिर पहुंचकर बड़े भाई के रूप में उनकी पूजा-अर्चना और दर्शन करती हैं।
इसी परंपरा को निभाते हुए वह रक्षाबंधन पर बलदेव पहुंचीं। उन्होंने श्रद्धाभाव के साथ श्री दाऊजी महाराज को राखी अर्पित की और बहन के रूप में उनका आशीर्वाद लिया।
मंदिर परिसर में उमा भारती काफी देर तक भाव-विभोर होकर बैठीं और ध्यान करते हुए पूजा-अर्चना में लीन रहीं। उनके चेहरे पर श्री दाऊजी महाराज के प्रति गहरी श्रद्धा और आत्मीयता नजर आई। इस भावुक क्षण से मंदिर का वातावरण भी भक्तिमय हो गया।
इस दौरान बैकुंठ नाथ पांडेय ने उमा भारती को श्री दाऊजी महाराज से जुड़ी विशेष जानकारियां दीं।