151 मीटर लंबे तिरंगे के साथ सड़कों पर उतरा युवाओं का सैलाब, ‘भारत माता की जय’ से गूंजी कृष्ण नगरी

अभाविप मथुरा ने निकाली भव्य तिरंगा यात्रा; सैकड़ों विद्यार्थियों ने दिया राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति का सशक्त संदेश

​मथुरा । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) द्वारा 80वें स्वतंत्रता दिवस के पावन अवसर पर बुधवार को एक ऐतिहासिक और भव्य 151 मीटर लंबी तिरंगा यात्रा का विशाल आयोजन किया गया। माधवकुंज स्थित श्री कृष्णचंद्र गांधी सरस्वती विद्या मंदिर इंटर कॉलेज से प्रारंभ हुई इस यात्रा में सैकड़ों की संख्या में छात्र-छात्राओं और युवाओं ने हाथों में तिरंगा लेकर अत्यंत उत्साहपूर्वक सहभागिता की। पूरी यात्रा के दौरान संपूर्ण मार्ग ‘भारत माता की जय’ और ‘वंदे मातरम’ के गगनभेदी नारों से गूंज उठा।

​इस ऐतिहासिक तिरंगा यात्रा को विद्यार्थी परिषद मथुरा के कार्यकर्ता व समाजसेवी नरेंद्र सिंह कुशवाह एवं विद्यालय के प्रधानाचार्य विनय कुमार सिंह ने संयुक्त रूप से राष्ट्रध्वज दिखाकर रवाना किया। अतिथियों ने युवाओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजनों से भावी पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम की भावना सुदृढ़ होती है।

​विद्या मंदिर प्रांगण से प्रारंभ होकर यात्रा शहर के प्रमुख मार्गों—महाराजा अग्रसेन चौराहा एवं डीग गेट होती हुई अनुशासित रूप से आगे बढ़ी। मार्ग में स्थान-स्थान पर स्थानीय नागरिकों ने पुष्पवर्षा कर यात्रियों का स्वागत किया। इसके पश्चात यात्रा पुनः विद्या मंदिर परिसर पहुंचकर संपन्न हुई।