6600 फाइलों का रिकॉर्ड अब रहेगा सुरक्षित, नगर निगम में शुरू हुआ आधुनिक कंपैक्टर सिस्टम

धूल-नमी से अभिलेखों को मिलेगी सुरक्षा, कम जगह में व्यवस्थित होगा रिकॉर्ड

मथुरा। नगर निगम मथुरा-वृंदावन ने अभिलेखों के सुरक्षित और आधुनिक प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। भूतेश्वर स्थित नगर निगम मुख्यालय के रिकॉर्ड विभाग स्टोर में शुक्रवार को आधुनिक फाइल स्टोरेज (कंपैक्टर) सिस्टम का शुभारंभ किया गया। नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने फीता काटकर आधुनिक व्यवस्था का उद्घाटन किया।

नए कंपैक्टर सिस्टम में करीब 6600 फाइलों के सुरक्षित भंडारण की क्षमता है। इससे नगर निगम के विभिन्न विभागों के महत्वपूर्ण अभिलेखों और फाइलों को व्यवस्थित तरीके से सुरक्षित रखा जा सकेगा। जरूरत पड़ने पर रिकॉर्ड को आसानी से तलाशकर उपलब्ध कराने में भी सुविधा होगी।

नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने कहा कि आधुनिक तकनीक पर आधारित यह व्यवस्था कार्यालयीन कार्यप्रणाली को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने में मदद करेगी। कंपैक्टर सिस्टम के जरिए महत्वपूर्ण अभिलेखों को धूल, नमी, गंदगी और अन्य बाहरी क्षति से बचाया जा सकेगा। इससे रिकॉर्ड का लंबे समय तक संरक्षण सुनिश्चित होने के साथ ही उपलब्ध स्थान का अधिकतम उपयोग भी किया जा सकेगा।

उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन अभिलेख प्रबंधन को आधुनिक और तकनीक-सक्षम बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। नई व्यवस्था से रिकॉर्ड संरक्षण के साथ कार्यालयीन कार्यों की गति और दक्षता में भी सुधार होगा।

आधुनिक फाइल स्टोरेज सिस्टम की स्थापना आईसीआईसीआई बैंक के सहयोग से की गई है। नगर निगम के अधिकारियों के अनुसार यह व्यवस्था रिकॉर्ड प्रबंधन को अधिक व्यवस्थित और सुरक्षित बनाने में उपयोगी साबित होगी।

उद्घाटन अवसर पर अपर नगर आयुक्त अनिल कुमार सहित नगर निगम के अधिकारी-कर्मचारी और आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारी मौजूद रहे।