खाद्य विभाग की बड़ी कार्रवाई : गोवर्धन-बरसाना में छापे, 400 किलो पेड़ा किया नष्ट

मथुरा । जनपद में खाद्य सुरक्षा विभाग ने सघन अभियान चलाते हुए विभिन्न प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान अस्वच्छ परिस्थितियों में रखे गए करीब 400 किलोग्राम पेड़ा को नष्ट कराया गया, जबकि 6 खाद्य नमूने जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।

अभियान सहायक आयुक्त (खाद्य) डा. जतिन कुमार सिंह के निर्देशन एवं मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी के.के. त्रिपाठी के नेतृत्व में खाद्य सचल दल द्वारा संचालित किया गया। टीम ने मै. भोले शंकर राइस एंड जनरल मिल्स कंचनपुरा गोवर्धन, मै. अग्रवाल ट्रेडर्स बरसाना रोड गोवर्धन, मै. ओम एग्रोटेक गोवर्धन, लक्ष्मी फ्लोर मिल इंडस्ट्रियल एस्टेट बरारी तथा श्री गोवर्धन फ्लोर मिल रिफाइनरी इंडस्ट्रियल एरिया मथुरा का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान मैदा, रवा, तंदूरी आटा और गेहूं के आटे के एक-एक नमूने संग्रहित किए गए। इसके अतिरिक्त बरसाना क्षेत्र में मिठाई प्रतिष्ठानों पर प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए पेड़ा के दो नमूने लिए गए।

खाद्य विभाग की टीम ने अस्वच्छ परिस्थितियों में भंडारित लगभग 400 किलोग्राम पेड़ा, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 60 हजार रुपये बताई गई, को मौके पर ही नष्ट कराया।

संग्रहित सभी 6 नमूनों को जांच हेतु राजकीय खाद्य प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ विधिक कार्रवाई की जाएगी। अभियान में खाद्य सुरक्षा अधिकारी धर्मेंद्र सिंह, अरुण कुमार राणा, जितेंद्र सिंह, राम नरेश, दिनेश कुमार भारती, मोहर सिंह कुशवाह, रीना शर्मा और नेहा सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।