कोर्ट से बरी होने के बाद वृंदावन पहुंचे बृजभूषण शरण सिंह, गुरु से लिया आशीर्वाद

वृंदावन/मथुरा। पूर्वांचल के दमदार नेता पूर्व सांसद ब्रज भूषण सिंह पॉक्सो एक्ट मामले में सोमवार को अदालत द्वारा बरी किए जाने के बाद वे तीर्थनगरी वृंदावन पहुंचे। यहां छटीकरा मार्ग स्थित आनंदम धाम आश्रम में उन्होंने अपने आध्यात्मिक गुरु से मुलाकात कर आशीर्वाद प्राप्त किया। आश्रम पहुंचने पर उनका भव्य स्वागत किया गया, जहां आश्रम प्रबंधन और समर्थकों ने माला व पटुका पहनाकर अभिनंदन किया।

मुलाकात के दौरान पूर्व सांसद ने गुरु के समक्ष नतमस्तक होकर मार्गदर्शन प्राप्त किया। इस अवसर पर सद्गुरु रितेश्वर महाराज ने उन्हें आशीर्वाद देते हुए कहा कि सत्य परेशान हो सकता है, लेकिन पराजित नहीं होता। उन्होंने धैर्य और धर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हुए कहा कि अंततः न्याय की ही विजय होती है।

गुरुदेव से आशीर्वाद लेने के बाद बृजभूषण शरण सिंह ने कहा कि जीवन के हर कठिन और चुनौतीपूर्ण दौर में उन्हें अपने गुरु की प्रेरणा और संबल मिला है। अदालत से राहत मिलने के बाद गुरुदेव का सानिध्य प्राप्त करना उनके लिए अत्यंत सुखद और ऊर्जा देने वाला क्षण है।

इस दौरान आनंदम धाम आश्रम परिसर में श्रद्धालुओं और स्थानीय गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही, जिन्होंने पूर्व सांसद का गर्मजोशी से स्वागत किया।