“अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगा पानी, लापरवाही पर होगी कार्रवाई” : वार्ड 54 में ग्राउंड ज़ीरो पर पहुंचे नगर आयुक्त

संभव दिवस पर महोली रोड की शिकायत का तत्काल संज्ञान, नई पाइपलाइन बिछाने और मोटर की क्षमता बढ़ाने के सख्त निर्देश

​मथुरा । संभव दिवस के अंतर्गत प्राप्त जनशिकायतों के निस्तारण में नगर निगम प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ गया है। वार्ड संख्या 54 (प्रताप नगर) में पेयजल किल्लत की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई करते हुए नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्वयं मौके पर पहुंचकर धरातलीय निरीक्षण किया। ​निरीक्षण के दौरान महोली रोड स्थित बजरंग चौराहे पर नगर आयुक्त ने क्षेत्रीय पार्षद ठाकुर तेजवीर सिंह एवं स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया। क्षेत्रवासियों द्वारा जलापूर्ति से जुड़ी समस्याएं बताए जाने पर नगर आयुक्त ने मौके पर ही महाप्रबंधक (जल) मोहम्मद अनवर ख्वाजा को पूरे क्षेत्र का विस्तृत सर्वे करने का आदेश दिया। ​जल निगम अधिकारियों को नगर आयुक्त ने ​निर्देश दिए कि क्षेत्र में आवश्यकतानुसार पेयजल आपूर्ति मोटर की क्षमता तुरंत बढ़ाई जाए। जलापूर्ति से वंचित हिस्सों में प्राथमिकता के आधार पर नई पाइपलाइन बिछाने की कार्ययोजना बनाई जाये हर घर और वार्ड के अंतिम व्यक्ति तक पर्याप्त पानी की आपूर्ति सुनिश्चित हो।

​नगर आयुक्त ओजस्वी राज ने स्पष्ट किया कि आमजन को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है और काम में किसी भी स्तर पर ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस दौरान अवर अभियंता (जल) प्रतिभा ओझा सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक मौजूद रहे।