महंगाई और खाद संकट के विरोध में कांग्रेस का तहसील पर हल्ला बोल
स्मार्ट मीटर से बढ़े बिजली बिल और राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण को लेकर भी सरकार पर साधा निशाना
मथुरा। प्रदेश में बढ़ती महंगाई भ्रष्टाचार किसानों को खाद की किल्लत और आम विद्युत उपभोक्ताओं के साथ स्मार्ट मीटर के नाम पर कथित लूट के विरोध में कांग्रेस ने सोमवार को महावन तहसील पर प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर के नेतृत्व में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता महावन स्थित पशु पैंठ पर एकत्र हुए। यहां से पैदल मार्च करते हुए तहसील पहुंचे और सरकार के खिलाफ हल्ला बोल प्रदर्शन किया।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश धनगर ने कहा कि प्रदेश में महंगाई चरम सीमा पर पहुंच गई है। रोजमर्रा की वस्तुओं के दाम बढ़ने से आम आदमी पर आर्थिक बोझ लगातार बढ़ रहा है। गरीब मजदूर और मध्यम वर्गीय परिवारों का जनजीवन प्रभावित हो रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी विभागों में भ्रष्टाचार खुलेआम हो रहा है।
उन्होंने कहा कि खेतों में खरीफ की फसल की बुवाई और रोपाई का कार्य चल रहा है। ऐसे समय किसानों को यूरिया और डीएपी खाद की सबसे अधिक आवश्यकता है।
मुकेश धनगर ने स्मार्ट मीटरों को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कई स्थानों से स्मार्ट मीटर तेज चलने की शिकायतें सामने आ रही हैं। इसके चलते उपभोक्ताओं को अधिक बिजली बिल का भुगतान करना पड़ रहा है। पहले से महंगाई की मार झेल रहे आम उपभोक्ता इससे परेशान हैं।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे को लेकर सामने आए विवाद पर भी सरकार और भाजपा पर निशाना साधा। मुकेश धनगर ने आरोप लगाया कि राम मंदिर के चढ़ावे में चोरी के मामले पर सरकार चुप्पी साधे हुए है। उन्होंने कहा कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़े इस मामले में सरकार को स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।
पूर्व महानगर कांग्रेस अध्यक्ष विक्रम बाल्मीकि ने कहा कि राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों और शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर कथित बर्बरता के लिए सरकार जिम्मेदार है। उन्होंने कहा कि देश की जनता छात्रों पर की गई कार्रवाई और चढ़ावा प्रकरण पर सवाल पूछ रही है।
कार्यक्रम का संचालन ब्लॉक अध्यक्ष पंकज चौधरी ने किया। तहसील घेराव कार्यक्रम में बलवीर प्रधान हाकिम सिंह छोकर शैलेंद्र चौधरी टिंकू धनगर राजा गौतम राजकुमार तिवारी राजेश सारस्वत दीपक आर्य मनोज गौड़ अप्रतिम सक्सैना पुष्पेंद्र चौधरी पीर मोहम्मद विपुल पाठक हारुन सुखदेव चौधरी नेम सिंह धर्मेंद्र प्रधान अमित दीक्षित दीपक दीक्षित गौरांग अग्रवाल हाशिम हुमेंर करन निषाद गीता दिवाकर भगवान सिंह दीपक सिंह अजीम शाह अनिल खरे अमर प्रताप शरीक कुरैशी हुंकार सिंह होरी लाल कोमल सिंह जितेंद्र धनगर राजकुमार सिंह ब्रज बिहारी लाल दिलशाद खान राजेश कुमार सहित सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।