मथुरा में बारिश की रात कत्ल करने वाले शातिर में पुलिस ने एनकाउंटर में मारी गोली , वारदात में ‘साझीदार’ बना पूरा परिवार पहुंचेगा जेल
जैत में महिला की हत्या व लूट की गुत्थी सुलझी: मुठभेड़ में मुख्य आरोपी घायल, पिस्टल व लूटे जेवर बरामद
मथुरा (विशेष संवाददाता)। थाना जैत क्षेत्र के ग्राम बाटी में बीते दिनों महिला की गला काटकर हुई नृशंस हत्या और लूट की वारदात का पुलिस और सर्विलांस टीम ने महज कुछ ही दिनों में पर्दाफाश कर दिया है। रविवार देर रात बाटी-मघेरा मार्ग पर हुई पुलिस मुठभेड़ में मुख्य हत्यारा एवं शातिर अपराधी पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया, जिसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं हत्या में इस्तेमाल हथियार और लूटे गए जेवरात छुपाने के आरोप में उसके माता-पिता को भी पुलिस ने गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार बाटी गांव की रहने वाली मृतका स्वयं सहायता समूह के जरिए गरीब महिलाओं को लोन दिलाने का काम करती थी। उसका पति अलीगढ़ में प्राइवेट चौकीदारी करता है। गांव का ही हिस्ट्रीशीटर व आपराधिक प्रवृत्ति का युवक विष्णु उर्फ लुक्का जानता था कि महिला के पास समूह का कैश रहता है।
27/28 जुलाई 26 की रात जब मृतका का पति और बेटे मथुरा से बाहर थे तथा बारिश के कारण पड़ोसी घरों के अंदर सो रहे थे, तब लुक्का चोरी की नीयत से महिला के घर में दाखिल हुआ। सामान खंगालते वक्त आहट पाकर महिला जाग गई। अपनी पहचान उजागर होने के डर से लुक्का ने महिला का मुंह दबाकर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर उसका गला काट दिया। इसके बाद उसने महिला के शरीर से कुंडल, बाली और घर में रखे सोने-चांदी के जेवर व नकदी लूट ली तथा चेहरे पर तकिया रखकर छत के रास्ते भाग निकला। हैरानी की बात यह रही कि इस जघन्य हत्याकांड में आरोपी का पूरा परिवार शामिल रहा। जब लुक्का कत्ल करके छत पर पहुंचा तो उसके पिता हरप्रसाद और मां छत पर पहरा दे रहे थे। मां ने आला-कत्ल (चाकू) छुपाया और पिता ने लूटी गई नकदी व जेवरात ठिकाने लगाए। लुक्का ने साक्ष्य मिटाने के लिए अपने खून से सने टी-शर्ट और कैपरी धो डाले थे।
प्रभारी निरीक्षक जैत सोनू कुमार और सर्विलांस प्रभारी विकास शर्मा की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि अभियुक्त सबूत और लूटा हुआ माल छुपाने के लिए जंगल की तरफ जा रहा है। लिंक रोड पर घेराबंदी करने पर आरोपी विष्णु उर्फ लुक्का ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। पुलिस की आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी है ।
”मृतका के पति और बेटे ने पुलिस द्वारा बरामद आभूषणों और श्यामजी के लॉकेट की शिनाख्त कर ली है। अभियुक्त लुक्का का पुराना लंबा आपराधिक इतिहास है, वह वर्ष 2024 में एक नाबालिग से गैंगरेप के मामले में भी आरोपी रह चुका है।”
— एसएसपी श्लोक कुमार मथुरा