टीबी मुक्त भारत के लिए संतों की पुकार – भजन गायक चित्र-विचित्र महाराज ने बढ़ाया जनजागरूकता अभियान

100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान को जनआंदोलन बनाने की अपील, समय पर जांच और पूरा इलाज पर जोर

मथुरा । प्रधानमंत्री के टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत संचालित 100 दिवसीय सघन टीबी खोज अभियान को जनआंदोलन बनाने के प्रयास लगातार जारी हैं। इसी क्रम में देश के सुप्रसिद्ध भजन गायक चित्र-विचित्र महाराज ने देशवासियों से टीबी के प्रति जागरूक रहने और समय पर जांच कराने की अपील की है। अपने संदेश में भजन गायक ने कहा कि टीबी एक गंभीर लेकिन पूरी तरह से ठीक होने वाली बीमारी है। यदि किसी व्यक्ति को दो सप्ताह से अधिक समय तक खांसी, लगातार बुखार, वजन कम होना, कमजोरी या रात में अत्यधिक पसीना आने जैसी समस्या हो तो उसे तत्काल जांच करानी चाहिए। उन्होंने कहा कि लक्षणों को नजरअंदाज करना मरीज और उसके परिवार दोनों के लिए नुकसानदायक हो सकता है।

उन्होंने बताया कि सरकार द्वारा टीबी की जांच और उपचार की सभी सुविधाएं निःशुल्क उपलब्ध कराई जा रही हैं। इसलिए लोगों को किसी प्रकार की झिझक नहीं करनी चाहिए और चिकित्सकों की सलाह के अनुसार पूरा उपचार लेना चाहिए। अधूरा उपचार बीमारी को और गंभीर बना सकता है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों, धार्मिक एवं सामाजिक संगठनों से टीबी मुक्त भारत अभियान में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। उनका कहना था कि जागरूकता और जनसहयोग के बल पर ही टीबी जैसी बीमारी को जड़ से समाप्त किया जा सकता है।

जिला क्षय रोग अधिकारी डा. संजीव यादव ने कहा कि लोकप्रिय धार्मिक हस्तियों के संदेश लोगों तक तेजी से पहुंचते हैं और स्वास्थ्य के प्रति सकारात्मक सोच विकसित करने में मददगार साबित होते हैं। इससे टीबी मुक्त भारत अभियान को और अधिक जनसमर्थन मिलने के साथ-साथ आमजन में जागरूकता भी बढ़ेगी। अंत में महाराज ने लोगों से संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा— “समय पर जांच, पूरा इलाज — टीबी से मिलेगी निजात” “जन-जन का यही पुकार, टीबी मुक्त हो देश हमारा” “टीबी हारेगा, भारत जीतेगा”