मथुरा। लोकसभा चुनावों के दौरान उत्तर प्रदेश में प्रत्येक चरण के परिणाम उलट-फेर करते नजर आए। पहले चरण में जहां एनडीए को सिर्फ दो सीट पर ही कामयाबी मिली तो दूसरे चरण की सभी सीटों को एनडीए ने कब्जा लिया। चुनाव परिणामों में उलटफेर की यह प्रत्येक चरण के दौरान इंडिया और एनडीए के बीच देखने को मिली है। पहले चरण के अंतर्गत आठ सीटों के लिए मतदान हुआ था। इसमें एक सीट भाजपा और एक सीट आरएलडी के खाते में आई है, जबकि पांच सीटों पर इंडिया गठबंधन ने कब्जा किया। इसमें सपा के खाते में चार और एक सीट कांग्रेस को मिली है। वहीं एक सीट पर आजाद पार्टी का खाता खुला है। दूसरे चरण में यह स्थिति पूरी तरह उलट गई। एनडीए ने सभी आठ सीटों को कब्जाते हुए इंडिया गठबंधन को साफ कर दिया। उत्तर प्रदेश के
तीसरे चरण में हुए चुनाव परिणाम की बात की जाए तो इंडिया गठबंधन ने बढत बनाई। चार सीट एनडीए को तो पांच इंडिया गठबंधन के खाते में आईं। चौथे चरण में फिर एनडीए ने बाजी पलट दी। एनडीए को आठ और इंडिया को पांच सीट मिली हैं। इसमें भी एनडीए के खाते की सभी आठ सीट भाजपा की थी, जबकि इंडिया गठबंधन को मिली पांच में चार सपा और एक कांग्रेस की थीं। पांचवें चरण में बाजी एक बार फिर पलटते हुए इंडिया गठबंधन ने 10 सीटों पर कब्जा किया, जबकि एनडीए को चार सीट ही मिल सकीं। इंडिया की 10 सीटों में सपा को सात और कांग्रेस को तीन मिली। एनडीए के खाते मंे आईं चार में सभी भाजपा की रहीं। छठवें चरण में इंडिया गठबंधन ने अपनी पिछले चरण की बढत को बरकरार रखते हुए 10 सीटों को जीता। इसमें सपा की नौ, कांग्रेस की एक थी। एनडीए को सिर्फ तीन सीट भाजपा के रूप में मिली हैं। अंतिम सातवें चरण इंडिया और एनडीए के बीच मुकाबला लगभग बराबर पर रहा। एनडीए को सात और इंडिया को छह सीट पर कामयाबी मिली है। इसमें भाजपा को छह, अपना दल को एक और सपा को छह सीट पर कामयाबी मिली है।