मुरादाबाद में डीएम ने किया जिला कृषि विकास औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी का शुभारम्भ

मुरादाबाद। जिला कृषि विकास औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी अनुगूंज का जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह द्वारा फीता काटकर उद्घाटन शनिवार को पंचायत भवन स्थित जिगर मंच पर किया गया। इस अवसर पर हुई रंग बिरंगी आतिशबाजी ने उपस्थित जनसमूह को रोमांचित कर दिया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी मुख्य अतिथि मानवेंद्र सिंह ने कहा कि जिला कृषि विकास औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी अनुगूंज मुरादाबाद के निवासियों का न केवल मन मोह लेगा बल्कि ज्ञानवर्धक विविध कार्यक्रम उनके ज्ञान में वृद्धि करेगा।
उन्होंने बताया की आज से शुभारम्भ यह प्रदर्शनी अनवरत 27 जून तक चलेगी तथा कार्यक्रमों का आयोजन जिगर मंच एवं पंचायत भवन सभागार में किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदर्शनी का उद्देश्य मनोरंजन ही नही अपितु सर्वांगीर्ण विकास भी है। उन्होंने कहा कि हमारा प्रयास रहेगा कि इस प्रदर्शनी से स्थानीय उभरते कलाकारों को प्रोत्साहित किया जाये । जिलाधिकारी ने मुरादाबाद की शहर एवं ग्रामीण जनता से अनुरोध किया है कि ज्यादा से ज्यादा कृषि प्रदर्शनी में आकर लाभप्रद जानकारी का लाभ लें। सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारम्भ के.सी.एम. स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक तथा रंगारंग कार्यक्रमों की प्रस्तुति के साथ किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीणा अपर जिलाधिकारी वित्त राजस्व सत्यम मिश्र अपर जिलाधिकारी नगर ज्योति सिंह एसपी सिटी अखिलेश भदोरिया संयुक्त आयुक्त उधोग योगेश कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का सफल संचालन संजीव अकांक्षी द्वारा किया गया।