मान मंदिर ने संभाला बरसाना की राधारानी रसोई का संचालन

मथुरा। अब बरसाना में श्रीजी के दर्शन को आने वाले भक्तों को नियमित रूप से जल पान के रूप में भोजन मिलेगा। उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के उपाध्यक्ष शैलजाकांत मिश्र की पहल पर राधारानी रसोई का संचालन मान मंदिर को सौंप दिया है।
राधारानी के दर्शन के लिए बरसाना में तीर्थ यात्रियों की संख्या निरंतर बढ़ रही है। इसी संख्या को देखते हुए उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद ने श्रीजी मंदिर के निकट पहाड़ी पर राधारानी रसोई जलपान गृह का निर्माण कराया था। 103 लाख रुपए की लागत वाली इस रसोई का संचालन बरसाना के मान मंदिर को दिया गया है। मान मंदिर द्वारा यहां सुबह 9 बजे से दोपहर दो बजे तक तथा शाम पांच से रात 9 बजे तक राधारानी रसोई में भक्तों को भोजन कराया जाता है। उपवास के दिन उपवास से जुड़े आहार प्रदान किया जा रहा है। रविवार को विभिन्न प्रकार के शरबत की सेवा निरंतर रहती है। रविवार को बरसाना पहुंचे उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ श्याम बहादुर सिंह ने राधारानी रसोई में भक्तों को एकादशी के अवसर पर उपवास संबंधी प्रसादी ग्रहण कराई।
सीईओ ने बताया कि मान मंदिर इस रसोई का संचालन कर रहा है। यहां राधारानी के भक्तों को नियमित सेवा के तहत भोजन कराया जाता है। राधारानी के दर्शन को श्रीजी मंदिर आने वाले भक्त भोजन पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद द्वारा ब्रज के सभी तीर्थ स्थलों पर श्रद्धालुओं की सुविधा बढ़ाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।
मान मंदिर सेवा संस्थान से जुड़े हरिपद दास और अतेंद्र ने बताया कि यहां करीब पांच हजार राधारानी के भक्त प्रतिदिन भोजन पा रहे हैं। इस अवसर पर मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी, डिप्टी सीईओ जेपी पांडेय, सहायक अभियंता दूधनाथ यादव, सहायक अभियंता आरपी यादव, श्याम सिंह आदि मौजूद रहे।

नगरीय अवस्थापना से होगा बरसाना का विकास
– कमिश्नर के आदेश के तहत मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण प्लान बनाने में जुटा
– विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष और सचिव ने किया स्थलीय निरीक्षण
बरसाना। मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण अब राधारानी की नगरी बरसाना के विकास पर नगरीय अवस्थापना निधि का उपयोग करेगा। कमिश्नर ऋतु माहेश्वरी के निर्देश पर रविवार को बरसाना के विकास का रोड मैप तैयार करने के लिए विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह और सचिव अरविंद कुमार द्विवेदी ने श्रीजी मंदिर परिसर सहित आसपास के स्थलों का निरीक्षण किया।
मथुरा वृंदावन विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष श्याम बहादुर सिंह ने बताया कि कमिश्नर ऋतु माहेश्वरी की मंशा ब्रज के प्रमुख तीर्थ स्थल बरसाना को हेरिटेज सिटी के रूप में विकसित करने की है। उनके निर्देश पर उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद व एमवीडीए संयुक्त प्रयासरत हैं। उन्होंने बताया कि बरसाना में यात्री सुविधाएं और हेरिटेज लुक प्रदान करने के लिए नगरीय अवस्थापना निधि का उपयोग किया जाएगा। इस बार विकास प्राधिकरण नगरीय अवस्थापना निधि का पूर्ण उपयोग बरसाना के लिए करेगा। उन्होंने बताया कि गोवर्धन ड्रेन के पास पर्यटन सुविधा केंद्र पर यात्रियों के ठहरने के साथ निशुल्क भोजन की व्यवस्था की जाएगी। इसी प्रकार राधाविहारी इंटर कालेज से जुड़े परिसर में भी पर्यटन सुविधा केंद्र बनाया जा रहा है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के लिए मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी।
उन्होंने यह भी बताया कि बरसाना में पीपीपी मॉडल पर रोप वे का निर्माण किया जा रहा है। यह प्रक्रिया अब अंतिम दौर में है। 15 जून तक ट्रायल शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि बरसाना में आने वाले श्रद्धालुओं को धूप व वर्षा से बचाने केलिए सभी रास्तों पर टीन शेड की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा मंदिर के रास्तों के 11 स्थान चिन्हित किए गए हैं जहां पर वाटर कूलर, आरओ प्लांट, शौचालय बाथरूम, विश्राम स्थल आदि की व्यवस्था की जाएगी। गोवर्धन ड्रेन को ढका जाएगा। ऊंचागांव के दूसरे रास्ते को बनाया जाएगा। राधा बाग के समीप पुल का निर्माण किया जाएगा। यहां अन्य कार्य विचाराधीन है। इनसे जुड़ी कार्य योजना तैयार हो रही है।