गोवर्धन । मथुरा के मगोर्रा थाना क्षेत्र के जाजन पट्टी चौराहे पर शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक अनियंत्रित ट्रक अचानक नियंत्रण खोकर सीधे पुलिस चौकी के अंदर जा घुसा। ट्रक के चौकी परिसर में घुसने से वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में ट्रक चालक घायल हो गया।
इस दौरान चौकी के पास खड़ी एक मोपेड ट्रक की चपेट में आकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि मोपेड चालक ने सतर्कता दिखाते हुए समय रहते वहां से हटकर अपनी जान बचा ली, जिससे वह बाल-बाल बच गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
हादसे के बाद मौके पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए और स्थिति को संभाला गया। सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। ट्रक अनियंत्रित होने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।