मथुरा में परिवहन विभाग की बड़ी कार्यवाही, ध्वनि-वायु प्रदूषण फैलाने वाले वाहनों के चालान

मथुरा। उत्तर प्रदेश शासन द्वारा दिये गये निर्देशों पर परिवहन विभाग 02 अक्टूबर से 16 अक्टूबर तक सड़क सुरक्षा पखवाडा का आयोजन किया जा रहा है, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में बढती हुई मृतकों की संख्या में कमी लाये जा सके के साथ साथ सड़क सुरक्षा तथा यातायात नियमों के पालन किये जाने के प्रति जनमानस को जागरूक किया जाना है।
गुरुवार को सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी प्रवर्तन-प्रथम दल राजेश राजपूत मनोज प्रसाद वर्मा (सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी) प्रवर्तन-द्वितीय दल एवं सुश्री पूजा सिंह (यात्रीकर अधिकारी) एवं प्रदीप यादव (संभागीय निरीक्षक) द्वारा जनपद के प्रदूषण जांच केन्द्रों का निरीक्षण किया गया और प्रदूषण जांच केन्द्रों में लगी मशीनों की जांच की गयी। प्रदूषण जांच केन्द्रों के संचालकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुक भी किया गया। जांच के दौरान समस्त प्रदूषण जांच केन्द्र संचालकों को निर्देश दिए गए कि वाहनों के प्रदूषण स्तर की जांच ऐप के माध्यम से की जाये तथा मानक के अनुरूप ही प्रदूषण प्रमाणपत्र जारी करें। निरीक्षण किये प्रदूषण जांच केन्द्रों में सभी मानक के अनुरूप पाये गये इसके साथ ही समस्त एक्सप्रेस-वे तथा हाइवे पर सड़क दुर्घटना रोकने हेतु जनपदों की सीमाओं के एंट्री प्वाइंट पर ही वाहनों की जांच इण्टसेप्टर के माध्यम से की गयी।
टीम ने जनपद के विभिन्न मार्गों पर प्रदूषण फैलाने वाले 06 वाहन तथा 04 ध्वनि प्रदूषण के चालान किये गये। वरिष्ठ सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी राजेश राजपूत द्वारा वायु प्रदूषण के 2 वाहनों को निरुद्ध किया गया। चेकिंग के दौरान वाहन चालकों को सड़क सुरक्षा एवं यातायात के नियमों को पालन किये जाने हेतु जागरुक किया गया। साथ ही वाहनों में रेट्रो रिफ्लेक्टिव टेप भी लगवाये गये। अभियान अभी एक सप्ताह और चलेगा।