मथुरा में रेलवे ग्राउंड में किशोर की हत्या से फैली सनसनी , खुलासे के लिए एसएसपी ने झोंकी पुलिस की ताकत
मथुरा । थाना हाईवे क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले रेलवे ट्रैक के पास बने रेलवे ग्राउंड में बुधवार सुबह एक 13-14 वर्षीय किशोर का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। प्रथम दृष्टया मामला बेरहमी से हत्या का प्रतीत हो रहा है, क्योंकि मृतक के चेहरे और गले पर गंभीर चोट के निशान पाए गए हैं। पुलिस ने विधिक कार्यवाही करते हुए शव को तुरंत पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार ने खुद मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कमान संभाल ली है। एसएसपी ने बताया कि घटना के त्वरित खुलासे और आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस की 04 विशेष टीमें गठित की गई हैं, जो विभिन्न पहलुओं पर काम कर रही हैं। घटनास्थल के आसपास लगे सभी सीसीटीवी कैमरों की फुटेज को बारीकी से खंगाला जा रहा है ताकि घटना के समय और आरोपियों की मूवमेंट का पता लगाया जा सके। इसके साथ ही, पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर मृतक बच्चे की शिनाख्त (पहचान) करने के प्रयासों में जुटी है।
एसएसपी श्लोक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए आसपास के ही 04 से 05 संदिग्ध स्थानीय लड़कों को हिरासत में लिया है। पुलिस कस्टडी में इन संदिग्धों से लगातार पूछताछ की जा रही है। शुरुआती पूछताछ के क्रम में पुलिस के हाथ कुछ बेहद महत्वपूर्ण और पुख्ता जानकारियां लगी हैं, जिनके आधार पर टीमें आगे की अग्रिम कार्यवाही को अंजाम दे रही हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बच्चे की पहचान सुनिश्चित कर ली जाएगी और मुख्य अभियुक्त को गिरफ्तार कर सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।